कांग्रेस को हर रोज हेलीकॉप्टर पर लाखों रुपये खर्च करने पड़ रहे हैं। लोकसभा चुनाव प्रचार के लिए निजी कंपनी से लिए हेलीकॉप्टर का प्रतिदिन का किराया सवा चार लाख रुपये है।
अगर हेलीकॉप्टर उड़ान भरता है तो डेढ़ लाख रुपये प्रति घंटे के हिसाब से अलग से चुकाए जा रहे हैं। शिमला हवाई अड्डे में हेलीकॉप्टर पार्किंग के लिए 25 हजार रोजाना अलग से भुगतान किया जा रहा है। प्रचार में जुटे हेलीकॉप्टर का भुगतान एआईसीसी करेगी।
सूत्रों के मुताबिक कांग्रेस हाईकमान ने ग्लोबल विक्टरी नामक कंपनी का सिंगल इंजन हेलीकॉप्टर 23 अप्रैल को हिमाचल कांग्रेस को उपलब्ध कराया है। यह हेलीकाप्टर 30 अप्रैल तक हिमाचल में रहेगा। 6 मई को हिमाचल में फिर से हेलीकॉप्टर प्रचार के लिए लाया जाएगा ताकि स्टार प्रचारकों को आसानी से रैली स्थल तक पहुंचाया जा सके।