पीएम मोदी पर अंगुली उठाने वाले की बाजू काटने के विवादित बयान पर चुनाव आयोग से मिले नोटिस का भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती ने जवाब दे दिया है। नोटिस प्राप्त करने के बाद दिए अपने जवाब में सत्ती ने आरोपों से इंकार किया है। सत्ती ने कहा कि उन्होंने कभी भी गलत या गलत बात किसी विपक्षी नेता के खिलाफ नहीं बोली है।
सत्ती ने कहा कि भाषण को पूरा पढ़ने पर आयोग भी इस बात को मानेगा कि उनके द्वारा कुछ भी गलत नहीं किया गया है। सत्ती ने कहा कि उनके बयान को जिस तरह पेश किया जा रहा है, वैसी उनकी मंशा नहीं थी। कहा कि कांग्रेस के नेता वीडियो बनाकर उनकी बात को गलत तरीके से पेश कर रहे हैं। आरोप लगाया कि दूसरे दल के नेताओं को बुरा कहना कांग्रेस के नेताओं का काम है।
स्पष्ट किया कि उन्होंने किसी भी तरह से आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन नहीं किया है। सत्ती के जवाब के साथ ही अब गेंद चुनाव आयोग के पाले में आ गई है। आयोग पहले ही सत्ती पर एक विवादित बयान के चलते 48 घंटे का चुनाव प्रचार पर प्रतिबंध लगा चुका है। इसके अलावा एक बार चेतावनी भी दी जा चुकी है। लेकिन सारी सख्ती के बावजूद सत्ती की जुबान से विवादित बोल रुकने का नाम नहीं ले रहे।
ऐसे में तीसरे नोटिस पर आयोग की कार्रवाई पर भाजपा से लेकर कांग्रेस तक की नजरें टिकी हुईं हैं। बता दें कि 25 अप्रैल को मंडी में रामस्वरूप शर्मा के नामांकन के दिन सत्ती ने रैली के दौरान कहा था कि मोदी की तरफ कोई अंगुली उठाएगा तो उसकी बाजू काटकर हाथ में पकड़ा देंगे। इस बयान के बाद कांग्रेस ने चुनाव आयोग से शिकायत की जिसके बाद जिला निर्वाचन अधिकारी मंडी ऋग्वेद ठाकुर ने नोटिस जारी कर दिया था