हिमाचल भाजपा कोर कमेटी की मौजूदा सांसदों को ही फिर से चुनाव मैदान में उतारने की सहमति के बाद नुकसान के अंदेशे के चलते पार्टी ने अब यू-टर्न ले लिया है।
कोर कमेटी की हर सीट से एक से लेकर दो नामों की सिफारिश के बाद प्रदेश चुनाव समिति ने संभावित प्रत्याशियों का पैनल संसदीय बोर्ड को भेज दिया है। शनिवार को प्रस्तावित भाजपा संसदीय बोर्ड की बैठक में इस पर मुहर लग सकती है।
भाजपा के उच्च पदस्थ सूत्रों के अनुसार पैनल में संभावित प्रत्याशियों के नाम का चयन विभिन्न एजेंसियों की सर्वे व गोपनीय रिपोर्ट के अलावा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की फीडबैक के आधार पर किया है।
हमीरपुर एवं कांगड़ा संसदीय सीटों से मौजूदा सांसद अनुराग ठाकुर और शांता कुमार के अलावा एक-एक नाम और भेजा गया है। शिमला संसदीय क्षेत्र से वीरेंद्र कश्यप, विधायक सुरेश कश्यप के अलावा महिला प्रत्याशी के तौर पर शशि बाला का नाम प्रस्तावित किया गया है।