हिमाचल प्रदेश की चारों संसदीय सीटों से चुनावी रण में उतरे कांग्रेस के प्रत्याशी 23, 25 और 29 को नामांकन भरेंगे। इन प्रत्याशियों के साथ कवरिंग प्रत्याशी के रूप में पर्चे भरने वाले उम्मीदवारों के नामों की सूची भी तैयार कर ली गई है। नामांकन पत्र भरते समय प्रभारी रजनी पाटिल और संसदीय क्षेत्रों के पार्टी ऑब्जर्वरों को भी मौके पर मौजूद रहने के निर्देश दिए हैं।
पार्टी सूत्रों से मालूम हुुआ है कि प्रदेश कांग्रेस कार्यालय को चारों संसदीय सीटों से चुनाव लड़ने वाले नेताओं ने अपने नामांकन पत्र भरने की तारीख से अवगत करवा दिया है। शिमला आरक्षित संसदीय सीट से 23 अप्रैल को सुबह 11 बजे कर्नल धनी राम शांडिल अपना नामांकन भरेंगे। मंडी सीट से आश्रय शर्मा और हमीरपुर संसदीय सीट से रामलाल ठाकुर 25 अप्रैल को पर्चा भरेंगे।
कांगड़ा संसदीय सीट से पवन काजल 29 को नामांकन पत्र भरेंगे। बताते हैं कि चारों संसदीय सीटों से नामांकनपत्र भरने वाले प्रत्याशियों के कवरिंग प्रत्याशी के रूप में पर्चा भरने वालों की सूची भी तैयार कर ली है। शिमला से विनोद सुल्तानपुरी, मंडी से प्रकाश चौधरी, हमीरपुर से कर्नल धर्मेंद्र पटियाल और कांगड़ा से केवल सिंह पठानिया कवरिंग प्रत्याशी हो सकते हैं।