मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि हम चौकीदार हैं, हमें बोलने में कोई शर्म नहीं है। अगर कांग्रेस को समस्या है तो कांग्रेसी अपने नाम के आगे पप्पू लगा सकते हैं। उन्हें कौन रोक रहा है। सीएम ने कहा है कि राहुल गांधी को अब शादी कर लेनी चाहिए।
कहीं ऐसा न हो कि प्रधानमंत्री बनने के सपने के साथ उनके लिए शादी भी सपना ही रह जाए। घुमारवीं में महिला सम्मेलन को संबोधित कर रहे सीएम ने कहा कि कुछ समय पहले सभी पार्टियां एकजुट हुई थीं। एक दूसरे का हाथ पकड़ कर फोटो खिंचवाया।
पर उन्हें अभी यह भी नहीं पता कि प्रधानमंत्री कौन होगा और सभी प्रधानमंत्री की दौड़ में है। जबकि हमारे पास भरोसा है कि देश सुरक्षित हाथों में है। पीएम मोदी को हिमाचल से चारों सीटें जीतकर दी जाएंगी।
सीएम ने राज्य सरकार की योजनाओं का भी जिक्र किया। उन्होंने हमीरपुर से भाजपा प्रत्याशी अनुराग ठाकुर के लिए समर्थन मांगा। सम्मेलन में प्रदेश महिला अध्यक्ष इंदू गोस्वामी, अनुराग ठाकुर ने भी अपने संबोधन में कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा।
इस मौके पर सदर विधायक सुभाष ठाकुर, झंडूता विधायक जेआर कटवाल, ऊषा ठाकुर, नरेंद्र ठाकुर, महेंद्र पाल रतवान, विक्रम शर्मा सहित कई गण्यमान्य मौजूद रहे।