मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा है कि उन्हें नया-नया मुख्यमंत्री कहा जा रहा है। वह विधानसभा में कई बार नेतृत्व कर चुके हैं। फिर भी वह नए ही सही। सत्ता संभालते ही उन्होंने जनहित से जुड़े कई नाम काम शुरू किए हैं।
उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री अनाप-शनाप बयानबाजी करते हैं। वह बुजुर्ग हैं, इसलिए मैं उनके बारे में ज्यादा नहीं कहूंगा। सीएम ने सिरमौर जिले के नौहराधार में आयोजित चुनावी जनसभा में केंद्र और प्रदेश सरकार की उपलब्धियां जनता के समक्ष रखीं।
उन्होंने कहा कि चाहे खेतों में हल चलाने की बात हो या आलू की बिजाई की। घराट से कनक पीठ पर उठाई है। हम कई परिस्थितियों से गुजरे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में जब पाकिस्तान हमला करता था तो एक चिट्ठी पाकिस्तान भेजी जाती थी।
अब देश को ऐसे प्रधानमंत्री मिले हैं, जिनमें निर्णय लेने की क्षमता है। तंज कसते हुए यह भी कहा कि राहुल गांधी को पूरा देश पप्पू कहता है। कांग्रेस ने हमेशा परिवारवाद व भाई-भतीजावाद को बढ़ावा दिया है। इस अवसर पर पूर्व सांसद वीरेंद्र कश्यप, जिलाध्यक्ष विनय गुप्ता, बलवीर चौहान, हिरदा राम, कार्यकर्ता व अन्य उपस्थित रहे।