प्रदेश कांग्रेस कार्यालय राजीव भवन शिमला में शनिवार को दिन भर रौनक रही। सुबह करीब 11:30 बजे पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर राजीव भवन शिमला के प्रमुख हाल में फोन पर बतिया रहे थे।
कुछ देर बात करने के बाद वह अपने कार्यालय पहुंचे। यहां पर पहले से मौजूद उनके राजनीतिक सलाहकार हरिकृष्ण हिमराल और अन्य पदाधिकारियों की बैठक लेनी शुरू की।
शिमला शहरी जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अरुण शर्मा अपने कमरे में दिन भर पोलिंग बूथों में तैनात की गई टीमों के सदस्यों से घिरे रहे। इन टीमों को बूथों की मतदाता सूचियों के बंडल सौंपे जाते रहे और यह सिलसिला शाम छह बजे तक चलता रहा।
इसके अलावा पार्टी की झंडियां, लड़ियां और अन्य सामग्री सौंपी जाती रही। कांग्रेस के वार रूम से सोशल मीडिया भी सक्रिय रहा। यहां तैनात कर्मचारी अपने कंप्यूटरों में कांग्रेस की प्रचार सामग्री परोसते रहे।
दूसरी ओर, कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष के दफ्तर में तैनात कार्यालय सचिव गुलाब सिंह टेलीफोन से दिन भर पार्टी के प्रदेश पदाधिकारियों को मतदान से संबंधित प्रदेशाध्यक्ष के महत्वपूर्ण दिशा-निर्देशों से अवगत कराते रहे।
ये दिशा-निर्देश सभी संसदीय क्षेत्रों के विधानसभा क्षेत्रों से पोलिंग बूथों तक टेलीफोन के माध्यम से तत्काल पहुंचाए जा रहे थे। पार्टी के पोलिंग दलों को निर्देश दिए गए कि हर घंटे कितना मतदान हुआ, इसकी सूचना तत्काल पार्टी के प्रदेश कार्यालय पहुंचाई जाए।