सवा बारह बजे अमित शाह चौगान पहुंचे। पूरा पंडाल मोदी-मोदी के नारों से गूंज उठा। मंच पर पहले से मौजूद सांसद शांता कुमार ने गुलाब का फूल देकर शाह का स्वागत किया। मंच पर आसीन होने से पहले दोनों हाथ जोड़कर शाह ने पंडाल में मौजूद लोगों का अभिवादन स्वीकार किया। उनके चौगान में पहुंचते ही बारिश शुरू हो गई।
हालांकि बारिश के साथ अमित शाह भी अपने भाषण के जरिए कांग्रेस व उनके शीर्ष नेताओं पर बरसते रहे। समय की कमी होने के चलते उन्होंने ज्यादा वक्ताओं के भाषण पर पहले ही रोक लगा दी। शाह के भाषण से पहले मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने चंबा के पारंपरिक व ऐतिहासिक चंबा रूमाल, चंबा चुख, चंबा चप्पल, चंबा थाल व चंबा चौगान की जानकारी दी।
इसके साथ सांय-सांय मत कर राविए के बारे में भी अमित शाह को अवगत करवाया। उन्होंने कहा कि हिमाचल में अगर चार लोकसभा सीटों से ज्यादा भी सीटें होती तो हिमाचल की जनता सभी सीटें भाजपा की झोली में डाल देती। किशन कपूर चंबा के जमाई हैं, इसलिए चंबा के लोग अपने जमाई को ज्यादा से ज्यादा मतों से विजयी बनाकर लोकसभा पहुंचाएं।