युवा मतदाताओं को साधने का जिम्मा भाजयुमो और युवा कांग्रेस को सौंपा
लोकसभा चुनाव में भाजपा और कांग्रेस की युवाओं पर नजरें हैं। भाजपा ने युवाओं को आकर्षित करने का जिम्मा प्रदेश भाजपा युवा मोर्चा को सौंपा है, वहीं कांग्रेस ने पंचायतों और ब्लॉक स्तर पर अभियान चलाकर युवाओं को जोड़ने का जिम्मा सौंपा है। प्रदेश युवा कांग्रेस हिमाचल के चारों संसदीय क्षेत्रों में युवा सम्मेलन करने जा रही है। इसमें मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के अलावा युवा कांग्रेस के केंद्रीय नेता भी शामिल होंगे। पार्टी की ओर से इसका प्रारूप तैयार किया जा रहा है। हिमाचल में 18 से 29 साल के 11,79,674 युवा मतदाता हैं। इनमें 18 से 19 वर्ष के 1,38,918 हैं, जबकि 20 से 29 साल के 10,40,756 मतदाता हैं। भाजयुमो ने युवाओं को रिझाने के लिए प्रदेशभर में संपर्क अभियान शुरू किया है।
घर-घर जाकर युवाओं को केंद्र की उपलब्धियां और हिमाचल सरकार की नाकामियां बताई जा रही हैं। शैक्षणिक संस्थानों, चौक-चौराहों और बाजार में युवाओं से संपर्क किया जा रहा है। वहीं, प्रदेश युवा कांग्रेस की ओर से चारों संसदीय क्षेत्रों में होने जा रहे युवा सम्मेलनों में पार्टी के राष्ट्रीय सचिव कृष्णा अलावरू, युकां प्रभारी श्रीनिवास, मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू, नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री, पार्टी प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह व अन्य नेता भाग लेंगे। प्रदेश युकां प्रत्याशियों को जीत दिलाने के लिए जिला, ब्लॉक और पंचायत स्तर पर संपर्क अभियान चलाए गए हैं। इसमें प्रदेश सरकार की डेढ़ साल की उपलब्धियों और केंद्र सरकार की नाकामियों को उजागर किया गया है। युकां ने पंफ्लेट भी तैयार किए हैं। इनमें युवाओं को रोजगार, पेपर लीक से मुक्ति, युवा रोशनी, जय जवान, नारी न्याय, श्रमिक न्याय आदि को शामिल किया है।
युवाओं को गारंटी : तिलक
भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष तिलकराज ने कहा कि प्रदेश के युवाओं को मोदी सरकार की गारंटी के बारे में अवगत कराया जा रहा है। पारदर्शी परीक्षा से युवाओं को रोजगार दिया जाएगा। समयबद्ध तरीके से भर्ती प्रक्रिया होगी। पेपर लीक को रोकने के लिए कड़े नियम लागू होंगे। हिमाचल के युवाओं को रोजगार के अवसर सृजित किए जाएंगे।
स्टार्टअप से लाभ : भंडारी
युवा कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष निगम नेगी भंडारी ने कहा कि डेढ़ साल के भीतर प्रदेश की कांग्रेस सरकार ने युवाओं के लिए रोजगार के अवसर सृजित किए हैं। 680 करोड़ रुपये का स्टार्टअप और जीरो फीसदी ब्याज पर लोन जैसे योजनाएं चलाई गई हैं। इसमें युवाओं को रोजगार दिया जा रहा है। प्रदेश के संसदीय क्षेत्रों में यूथ सम्मेलन आयोजित किए जा रहे हैं।