लोकसभा चुनाव की मतगणना शुरू होने से पहले सोशल मीडिया पर छाई कांग्रेस सुबह दस बजे तक पूरी तरह से गायब हो गई। एनडीए को बढ़त मिलते ही फेसबुक, ट्विटर पर पीएम नरेंद्र मोदी छा गए। भाजपा की प्रचंड जीत को आईटी सेल ने जमकर ट्रेंड करवाया। इसके अलावा भाजपा कार्यकर्ताओं ने भी सोशल मीडिया पर कई पोस्ट अपलोड कीं। पीएम मोदी के साथ पूर्व के दिनों में खिंचवाई फोटो भी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने खूब शेयर की। कांग्रेस पर व्यंग करते कार्टून भी सोशल मीडिया पर ट्रोल हुए।
वीरवार सुबह मतगणना शुरू होने से पहले कांग्रेस ने टवीट्र पर ‘जीतेगी कांग्रेस’ हैशटैग को ट्रेंड किया। करीब दस बजे तक सीटों की स्थिति साफ होते ही कांग्रेस टवीट्र से गायब हो गई। उधर, सुबह के समय भाजपा ने ‘आ रहा है मोदी’ और ‘मोदी ही जीतेगा’ जैसे हैशटैग ट्रेंड करना शुरू किए। सीटों की संख्या बढ़ते ही भाजपा की आईटी टीम फ्रंटफुट पर आ गई। ‘मोदी मैजिक’, ‘मोदी क्लीन स्वीप’, ‘मोदी आ गया’ और ‘मोदी फिर से’ हैशटैग ट्रेंड में आ गए।
उधर, फेसबुक पर भी भाजपा ने कांग्रेस को टिकने नहीं दिया। कांग्रेस पर व्यंग कसते कई कमेंट भाजपा समर्थकों ने किए। राहुल गांधी के अमेठी सीट से ही हारने और हिमाचल के किसी भी एक विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस को बढ़त नहीं मिलने से संबंधित कई पोस्ट भी भाजपा समर्थकों ने अपलोड किए। वीरवार को दिन भर भाजपा की जीत से जुड़ी पोस्ट ही सोशल मीडिया पर छाई रहीं।