चुराह उपमंडल के देहग्रां में पुलिस टीम पर हमला करने वाले लोगों को गिरफ्तार करने गई पुलिस टीम को उनके घरों पर ताले लटके मिले हैं। आस पड़ोस में भी कहीं पर उनका सुराग न लगने की सूरत में तफ्तीश करने गई टीम को थक हार कर वापसी करनी पड़ी। अब पुलिस ने उक्त लोगों की धरपकड़ के लिए अपने स्तर पर जाल बिछाना आरंभ कर दिया है।
देहग्रां में गुप्त सूचना के आधार पर चरस पकड़ने गई पुलिस टीम पर बशीर मोहम्मद, एदीन खान, रमजान, राशिद, बशीर मोहम्मद, दो महिलाएं और कुछ अन्य लोगों की ओर से हमला करने की शिकायत तीसा थाने में दिनेश कुमार ने दर्ज करवाई है। दिनेश के मुताबिक उक्त लोगों ने उनके साथ मारपीट करने के अलावा उनकी नकदी भी लूट ली थी।
बुधवार को एएसआई यशपाल की अगुवाई में तीसा थाना से चार सदस्यों की टीम उक्त लोगों को गिरफ्तार करने के लिए उनके घरों में गई थी, लेकिन पुलिस टीम के पहुंचने पर लोगों के घरों में ताले लटके मिले। पुलिस ने आसपड़ोस में भी जानकारी एकत्रित करनी चाही, लेकिन उक्त लोगों को न देखने की ग्रामीणों ने बात कही। देरशाम को पुलिस टीम वापसी तीसा थाना लौट आई।
अब उक्त लोगों की धरपकड़ के लिए पुलिस ने गुप्त अभियान छेड़ दिया है। डीएसपी सलूणी रामकरण ने बताया कि पुलिस पर हमला कर उनकी नकदी लूटने वाले लोगों को गिरफ्तार करने के लिए बुधवार को पुलिस टीम लोगों के घरों में गई थी। उक्त लोगों के घरों में ताले ही लटके मिले हैं। कहा कि पुलिस अपने स्तर पर मामले की गहनता से तफ्तीश में जुटी है।