रक्त संबंधित सभी टेस्ट की एक दिन में मिल रही रिपोर्ट
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। दीन दयाल उपाध्याय क्षेत्रीय अस्पताल शिमला की सरकारी लैब में सोमवार से किडनी, लिवर और शूगर सहित ब्लड से संबंधित टेस्ट फिर शुरू हो गए। बायोकेमिस्ट्री लैब में लगी एनालाइजर मशीन को ठीक कर दिया है।
मशीन के ठीक होने के बाद अब मरीजों को चंद घंटों में ही जरूरी टेस्टों की रिपोर्ट मिलना शुरू हो गई है, जिससे मरीजों को अब क्रस्ना लैब से टेस्ट की रिपोर्ट आने के लिए दूसरे दिन का इंतजार नहीं करना पड़ रहा है। अस्पताल की लैब में लगी मशीन के खराब होने से टेस्ट बंद हो गए थे। मरीजों को क्रस्ना लैब में लंबी कतारों में सैंपल देने और टेस्ट की रिपोर्ट लेने के लिए खड़े होना पड़ रहा था। अस्पताल प्रबंधन ने खराब हुई मशीन को ठीक करवाकर अब इस परेशानी को दूर कर दिया है।
मरीज अपनी इच्छा से सरकारी या निजी क्रस्ना लैब में टेस्ट करवा सकते हैं। क्रस्ना लैब में भी सरकारी दरों पर टेस्ट होते हैं। जानकारी के अनुसार अस्पताल प्रबंधन की ओर से बायोकेमिस्ट्री विभाग के लिए नई टेस्ट मशीनों की मांग भेजी है। डीडीयू में सैकड़ों की संख्या में मरीज रूटीन उपचार करवाने के लिए आते हैं, इसमें शिमला शहर के अलावा, ऊपरी शिमला, जिला सोलन के साथ लगते क्षेत्रों से मरीज उपचार करवाने को रोज पहुंचते हैं।