सोलन जिले के अर्की में 1000 करोड़ की लागत वाली चूना पत्थर परियोजना को केंद्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्रालय ने मंजूरी दे दी है। परियोजना के लिए 173 हेक्टेयर भूमि का अधिग्रहण होगा। इसमें 84 हेक्टेयर भूमि वन क्षेत्र में है जबकि अन्य निजी भूमि अधिग्रहीत होगी। इसके लिए करीब 900 पेड़ काटे जाएंगे। करीब तीन दशकों से इस परियोजना पर काम चल रहा था, लेकिन केंद्रीय इस्पात मंत्री रहते वीरभद्र सिंह ने इसकी कवायद तेज की थी।
अर्की उपमंडल के घनागुघाट में चूना पत्थर प्रोजेक्ट के लिए प्रदेश सरकार की ओर से लैटर ऑफ इंटेंट जारी करने के बाद केंद्रीय इस्पात मंत्रालय के उपक्रम नेशनल मिनरल डेवलपमेंट कारपोरेशन (एनएमडीसी) ने परियोजना का खाका तैयार कर केंद्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्रालय को भेजा था। औपचारिकताएं पूरी करने के बाद परियोजना को मंजूरी मिल गई है। एनएमडीसी के अर्की कार्यालय प्रभारी डा. रमेश वर्मा ने 10 अप्रैल को मंजूरी मिलने की पुष्टि की है।