शिमला। शहर के लोगों को अब अंधेरे में ठोकरें नहीं खानी पडे़ेंगी। नगर निगम शहर वासियों को जल्द ही तीन हजार नई स्ट्रीट लाइटों का तोहफा देने जा रहा है। निगम ने सभी वार्ड पार्षदों से खराब स्ट्रीट लाइटों और जहां नई लाइटें लगनी है का ब्यौरा मांगा है। इसके बाद नगर निगम यह लाइटें लगवाएगा और खराब लाइटों को दुरुस्त करने का कार्य शुरू करेगा। इसमें कनेक्शन देने का काम बिजली बोर्ड करेगा।
शहर में करीब 80 नई स्ट्रीट लाइटें नगर निगम ने लगा दी हैं अब इनमें कनेक्शन देना बाकी है। राजधानी के कई हिस्सों में स्ट्रीट लाइटें काफी समय से खराब पड़ी हैं। इस कारण आम लोगों को परेशानी होती है। एमसी का दावा है कि अधिकतर लाइटें ठीक करवा दी हैं लेकिन बिजली बोर्ड तार नहीं जोड़ रहा। शिमला के अधिकतर रास्ते ढलान वाले हैं ऐसे में रात के वक्त यहां से बिना लाइट के गुजरना खतरे से खाली नहीं। बरसात के कारण आधे शहर के रास्तों की स्ट्रीट लाइटें खराब हो गई थीं जिन्हें निगम ने ठीक करवाया है। इसमें कनेक्शन बिजली बोर्ड देगा। इनमें कई लाइटों की तारें अलग हो गईं जिसका काम विद्युत बोर्ड करेगा।
बिजली बोर्ड नहीं दे रहा कनेक्शन
संजौली की पार्षद सत्या कौंडल ने कहा कि वह कई बार ढिंगू धार में करीब 14 स्ट्रीट लाइटों को कनेक्शन देने की मांग कर चुकी हैं लेकिन विद्युत बोर्ड कुछ नहीं कर रहा। इसके अतिरिक्त चलौंठी और कई अन्य स्थानों पर लाइटों को कनेक्शन देने हैं। शहर से सर्कुलर रोड की बात की जाए तो टॉलैंड, नवबहार, संजौली से आईजीएमसी पास कुछ लाइटें खराब पड़ी थीं। इनकी मरम्मत एमसी ने करवा ली हैं लेकिन बिजली बोर्ड तार नहीं जोड़ रहा।
बिजली बोर्ड देता है कनेक्शन : शर्मा
नगर निगम के उपमहापौर राकेश कुमार शर्मा ने कहा कि सभी वार्ड पार्षद खराब और नई स्ट्रीट लाइटों का ब्यौरा बनाकर निगम को देते हैं। इसके मुताबिक ही बिजली बोर्ड से कनेक्शन की मांग की जाती है। पूरे शहर में करीब तीन हजार नई स्ट्रीट लाइटें लगाई जाएंगी।
मांग के अनुरूप देते हैं कनेक्शन : चांदला
बिजली बोर्ड के अधिशासी अभियंता राजेश चांदला ने बताया कि नगर निगम की ओर से जो भी कनेक्शन की डिमांड आती है हम उन्हें कनेक्शन देते हैं। नगर निगम जब भी डिमांड करता है वह दो चार लाइटों पर कनेक्शन देने की ही मांग करते हैं।