हिमाचल प्रदेश के विधानसभा क्षेत्र कांगड़ा के तहत आते अनसोली गांव में शनिवार रात एक मकान पर सेना का लाइटनिंग शेल गिर गया। इसके चलते स्थानीय व्यक्ति लकी कुमार के मकान को क्षति पहुंची है। धमाका इतना जोरदार था कि पूरे गांव के लोग सहम गए। जानकारी के अनुसार अनसोली में शनिवार रात को एक जोरदार धमाके की आवाज आई, जिससे पूरा गांव सहम गया। धमाके की आवाज सुनकर पंचायत प्रधान अंबिका देवी व गांव वालों ने इसकी जानकारी गगल पुलिस थाने को दी।
मौके पर टीम सहित पहुंचे थाना प्रभारी केसर सिंह घटनास्थल पर पहुंचे तो जांच में पाया कि यह आर्मी का एक लाइट टॉर्च शेल है, जिसे रात को आकाश में रोशनी के लिए फेंका जाता है। इसे सीधा फेंका जाना था, लेकिन यह तिरछा होकर चला गया। इसके चलते मकान पर जा गिरा। हालांकि इसके धमाके से कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ है। थाना प्रभारी ने बताया कि कोहाला गांव के जंगल में सेना की फायरिंग रेंज है, वहीं से यह शेल छोड़ा गया था। इस घटना के बारे में सेना को भी सूचित किया गया। सेना के जवान शनिवार रात को ही घटनास्थल पर पहुंचे थे। उन्होंने लाइटनिंग शेल को अपने कब्जे में ले लिया है।