हिमाचल प्रदेश में 23 मई तक मौसम खराब रहने का पूर्वानुमान है। गुरुवार को प्रदेश के मैदानी और मध्यम ऊंचाई वाले क्षेत्रों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला, सोलन, सिरमौर और किन्नौर में तूफान की चेतावनी दी गई है।
उधर, बुधवार को रोहतांग दर्रा के साथ कुंजुम दर्रा, बारालाचा सहित ऊंची पहाड़ियों, मनाली के मकवरे, शिकवरे, हनुमान टिब्बा, सेव स्टिर पीक, पिन पार्वती की पहाड़ियों में दोपहर बाद बर्फ के फाहे गिरे। जिला प्रशासन ने पर्यटकों के साथ आम लोगों को अटल टनल रोहतांग के आसपास व अन्य संवेदनशील इलाकों में न जाने की हिदायत दी है।
किन्नौर जिला प्रशासन ने लोगों से मौसम ठीक न होने तक घरों पर ही सुरक्षित रहने की अपील की है। राजधानी शिमला और आसपास बुधवार को हल्की बूंदाबांदी हुई। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार अधिकतम तापमान सामान्य से 2 से 3 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया है।
बुधवार को शिमला का न्यूनतम तापमान 14.5, सुंदरनगर 18.0, भुंतर 16.1, कल्पा 9.4, धर्मशाला 14.2, ऊना 24.0, नाहन 17.1, केलांग 6.9, पालमपुर 18.0, सोलन 17.0, मनाली 12.4, कांगड़ा 19.0, मंडी 17.1, बिलसापुर 21.1, हमीरपुर 21.8, चंबा 14.0, जलहौजी 9.8 और कुफरी में 11.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
शिमला का अधिकतम तापमान 17.4, सुंदरनगर 25.3, भुंतर 24.1, कल्पा 14.7, धर्मशाला 23.6, ऊना 30.0, नाहन 26.1, सोलन 22.2, बिलसापुर 27.9, हमीरपुर 26.7, चंबा 27.0, डलहौजी 15.8 और केलांग में 17.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।