राजधानी शिमला में शुक्रवार सुबह तेज हवाओं के साथ हुई बारिश से मौसम सुहाना हो गया है। यहां सुबह करीब आठ बजे हल्की बारिश शुरू हो गई।
इसके बाद तेज हवाएं चलने लगी और तेज बारिश होने लगी। करीब आधे घंटे तक रिमझिम बारिश होती रही। इससे स्कूली छात्रों को परेशानियों का भी सामना करना पड़ा।
हल्की बारिश से जहां राजधानी के लोगों को गर्मी से राहत मिली है। वहीं, धूल से भी निजात मिली है। शिमला में करीब दो मिलीमीटर बारिश हुई है। सोलन, सिरमौर समेत प्रदेश के अन्य जिलों में भी हल्की बारिश की खबर है।
मौसम के सुहाना होने से प्रदेश के मैदानी इलाकों में सबसे ज्यादा राहत मिली है। ऊना, नालागढ़, अंब, बद्दी समेत निचले मैदानी इलाकों में वीरवार को पारा 42 डिग्री के पार चला गया था।
मौसम विभाग का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ के चलते यह बारिश हुई है। दिन के समय मौसम साफ होने की संभावना है। विभाग का कहना है कि अगले एक दो दिन में फिर से हल्की बारिश हो सकती है।