हिमाचल प्रदेश सचिवालय के एलर्जली भवन में दिव्यांगों के लिए लिफ्ट लगाई जा रही है। इस लिफ्ट से दिव्यांगों को मंत्रियों के कार्यालयों तक पहुंचने में आसानी होगी। इस बारे में राज्य सरकार के लोक निर्माण विभाग ने परियोजना रिपोर्ट बनाकर सरकार को भेज दी है।
इसके बाद जल्द ही इस लिफ्ट का निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा। राज्य सरकार के एक अधिकारी ने बताया कि इस तरह की लिफ्ट शिमला शहर के अन्य कार्यालयों में भी लग रही हैं।
ऐसे 27 कार्यालयों को चयनित किया गया है जिनमें ये लगेंगी। मुख्यमंत्री और मंत्री राज्य सचिवालय के एलर्जली भवन में ही बैठते हैं। इससे दिव्यांगों को इनके कार्यालयों तक पहुंचने के लिए सीढ़ियां नहीं चढ़नी पडे़ंगी।
कई दृष्टिबाधितों और अन्य दिव्यांगों को सचिवालय के इस प्रमुख भवन में लिफ्ट की व्यवस्था नहीं होने के कारण परेशानी का सामना करना पड़ता है। उन्हें अब परेशानी नहीं आएगी।