महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव नीतू वर्मा इन दिनों जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति के दौरे पर हैं। गुरुवार को वह हिक्किम स्थित विश्व के सबसे ऊंचे डाकघर पहुंचीं। उन्होंने देश में पेट्रोल, डीजल, रसोई गैस और खाद्य वस्तुओं की कीमतों में लगातार हो रही वृद्धि पर अंकुश लगाने के लिए हिक्किम से प्रधानमंत्री को पत्र भेजा।
महंगाई के खिलाफ विश्व के सबसे ऊंचे डाकघर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पोस्ट कार्ड भेजते हुए महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव नीतू वर्मा ।
- फोटो : अमर उजाला
लगातार छलांग मारती महंगाई पर केंद्र सरकार का ध्यान खींचने के लिए महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव नीतू वर्मा ने अनूठा तरीका अपनाया है। उन्होंने विश्व में सबसे ऊंचाई पर बने डाकघर हिक्किम से प्रधानमंत्री को पत्र भेजा है। पत्र में महंगाई से आम लोगों की परेशानियों का हवाला देते हुए रोक लगाने की मांग की गई। महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव नीतू वर्मा इन दिनों जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति के दौरे पर हैं।
विज्ञापन
गुरुवार को वह हिक्किम स्थित विश्व के सबसे ऊंचे डाकघर पहुंची। उन्होंने देश में पेट्रोल, डीजल, रसोई गैस और खाद्य वस्तुओं की कीमतों में लगातार हो रही वृद्धि पर अंकुश लगाने के लिए हिक्किम से प्रधानमंत्री को पत्र भेजा। उन्होंने कहा कि देश में महंगाई से लोग परेशान हैं। कोरोना महामारी के दौर में लोगों पर महंगाई की मार से हर कोई त्रस्त है। केंद्र सरकार महंगाई पर अंकुश लगाने में विफल रही है। ऐसे में लोगों की परेशानी और अधिक बढ़ गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश की जनता से महंगाई कम कर अच्छे दिन लाने का वायदा किया था।
लेकिन, भाजपा की सरकार बनते ही सारे वायदे ठंडे बस्ते में हैं। उन्होंने कहा कि महिला कांग्रेस ने विश्व में सबसे ऊंचाई पर बने हिक्किम डाकघर के माध्यम से पत्र के जरिये प्रधानमंत्री के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार तक देश के लोगों खासकर महिलाओं की आवाज पहुंचाने का प्रयास किया है। पत्र में केंद्र सरकार से महंगाई पर जल्द रोक लगाकर जनता को राहत प्रदान करने की मांग की गई है। इस दौरान प्रदेशाध्यक्ष जनैब चंदेल, प्रदेश महासचिव शशि ठाकुर, ब्लॉक महिला कांग्रेस स्पीति अध्यक्ष छेरिंग टशी आदि भी उनके साथ उपस्थित रहीं।