सूचना मिलते ही वन्य जीव विभाग की एक टीम मौके पर पहुंची। टीम ने स्कूल प्रशासन के साथ कैंपस में लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले। इसमें भी तेंदुआ दिखाई दे रहा है।
स्कूल के कर्मचारियों ने वन्यजीव विभाग की टीम को बताया कि पिछले दो दिन से स्कूल परिसर के नजदीक तेंदुआ घूमता देखा है। स्कूल प्रबंधन और स्थानीय लोगों की मांग पर विभाग ने तेंदुए को पकड़ने के लिए यहां पिंजरा भी लगा दिया है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि दो दिन पहले ही तेंदुए ने यहां कई छोटे कुत्तों को अपना शिकार बनाया था। इसके बाद से लगातार तेंदुआ इस इलाके में घूम रहा है। वन विभाग ने स्थानीय लोगों और स्कूल कर्मचारियों को भी अगले कुछ दिन अलर्ट रहने को कहा है।
वन्यजीव विभाग के अनुसार ऊंचाई वाले इलाकों से जंगली जानवर ठंड के चलते निचले इलाकों में जा रहे हैं। खाने की कमी के चलते तेंदुए भी निचले इलाकों में आ रहे हैं।
रिहायशी इलाकों में इन दिनों आसानी से आवारा कुत्ते इनका शिकार होते हैं। ऐसे में लोगों को सलाह दी जा रही है कि वे सुबह-शाम छोटे बच्चों को अकेले बाहर न भेजें।
स्कूल परिसर में तेंदुआ दिखने की सूचना मिली थी जिसके बाद टीम को मौके पर भेजा गया है। स्कूल परिसर में पिंजरा भी लगा दिया गया है।-राजेश शर्मा, डीएफओ वन्यजीव विभाग