मलवाणा गांव में युवक को माैत के घाट उतारा
तेंदुए ने सबसे पहला हमला चंडयाल पंचायत के चोई रा नाल में शौच के लिए गए एक प्रवासी मजदूर पर किया। तेंदुए ने उसके मुंह पर झपटा मारा, मजदूर के चिल्लाने पर तेंदुआ वहां से भाग कर भड़याल पंचायत के मलवाणा गांव में घुस गया। प्रवासी मजदूर साहिब सिंह निवासी बिहार ने तुरंत उप प्रधान रवि सिंह चंदेल को घटना की सूचना दी और उसे उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया। रवि सिंह चंदेल ने बताया कि उन्होंने वन विभाग के डिप्टी रेंजर को मामले की सूचना दी। तेंदुए ने मलवाना गांव में अपना अगला शिकार बलवीर (40) पुत्र थूनागु राम निवासी भयूली को बनाया। बलवीर अपने जीजा पिंकू के घर दो माह से रह रहा था तथा सुबह शौच के लिए घर से निकला था। घर के पास तेंदुए ने घात लगाकर उसे गले से दबोच कर वहीं मार डाला।
इन लोगों पर भी किया हमला
इसके बाद तेंदुए ने गोशाला जा रहे दीनानाथ व उसकी पत्नी रेखा देवी पर हमला कर दिया। पति-पत्नी के चिल्लाने की आवाज सुनकर उनके बेटे ने तेंदुए पर पत्थरों से हमला कर दिया जिससे तेंदुआ वहां से भाग खड़ा हुआ। दोनों को घायल करने के बाद तेंदुए ने घर के बाहर काम कर रही चंपा देवी पत्नी मनोज कुमार पर हमला कर दिया। चंपा देवी के चिल्लाने की आवाज सुनकर घर जा रहे बुजुर्ग डागू राम ने तेंदुए के सिर पर डंडे से वार कर उसे छुड़ाया। इसके बाद तेंदुए ने रोहित पुत्र सिद्धू राम पर हमला किया, जिसने भाग कर अपनी जान बचाई। टांगों पर हमले से रोहित जख्मी हो गया। इसके बाद 9:00 बजे के करीब तेंदुआ छांगु राम के घर में घुसा।
आक्रोशित भीड़ ने घर के अंदर घुसकर तेंदुए को पीट-पीटकर मार डाला
गनीमत यह रही की परिजन व बच्चे रसोई घर में खाना खा रहे थे और तेंदुआ कमरे के अंदर घुस चुका था। जैसे ही ग्रामीणों के चिल्लाने की आवाज परिजनों ने सुनी वह सभी सुरक्षित जगह की ओर भाग निकले। ग्रामीणों ने घर को चारों ओर से घेर लिया। भड़याल पंचायत के उपप्रधान हेमराज ने बताया कि उन्हें सुबह 7:00 बजे घटना की सूचना मिली थी। उन्होंने तुरंत वन विभाग व पुलिस को इसकी सूचना दे दी थी। सूचना मिलने पर वन विभाग व पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। वन विभाग के कर्मचारी जब मौके पर पहुंचे तो उनके पास तेंदुए को पकड़ने के लिए कोई भी इंतजाम नहीं था जिस पर ग्रामीणों का गुस्सा और बढ़ गया तथा आक्रोशित भीड़ ने घर के अंदर घुसकर तेंदुए को पीट-पीटकर वहीं ढेर कर दिया। वन विभाग ने तेंदुए के शव को कब्जे में लेकर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। सूचना मिलने पर डीएसपी मंडी दिनेश कुमार भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का पूरा जायजा लिया। एसडीएम बल्ह स्मृतिका नेगी ने मामले की पुष्टि की है।