हनोगी माता मंदिर और थलौट के बीच दवाडा के पास भारी भरकम पहाड़ी गिरने से चंडीगढ़-मनाली नेशनल हाईवे पूरी तरह ठप हो गया है। भूस्खलन वाली जगह से कुछ ही दूरी पर मंडी से कुल्लू की ओर जा रही निजी बस पर पत्थर गिरने से शीशे टूट गए। हालांकि किसी भी यात्री को चोटें नहीं आई हैं।
एनएच बंद होने से छोटे वाहनों और एचआरटीसी बसों को बजौरा से वाया कटौला होते हुए मंडी भेजा जा रहा है। सिंगल रोड होने की वजह से वाहन जाम में फंस रहे हैं। मनाली से दिल्ली के लिए वोल्वो बसें न चलने से सैकड़ों सैलानी मनाली और कुल्लू में फंसे हुए हैं। जिला प्रशासन और नेशनल हाईवे प्राधिकरण मशीनरी लगाकर एनएच को बहाल करने में जुट गया है। मंगलवार तक एनएच बहाल होने की उम्मीद है।
दवाडा के पास एनएच के ऊपर खड़ी चट्टान है। दरार की वजह से चट्टान पर भार बढ़ता गया जिससे अचानक पहाड़ी गिर गई। नेशनल हाईवे के सहायक अभियंता कांशी राम गुलेरिया ने बताया कि पहाड़ी से पत्थर गिरने से बंद एनएच के दोनों ओर जेसीबी लगा दी गई हैं। बड़ी जेसीबी भी मंगवाई गई है। पहाड़ी गिरने से करीब पचास मीटर तक एनएच क्षतिग्रस्त हुआ है।
मंगलवार तक एनएच को बड़े वाहनों के लिए खोल दिया जाएगा। एचआरटीसी के मंडलीय प्रबंधक एएन सलारिया का कहना है कि एनएच बंद होने से बसों को वाया कटौला भेजा जा रहा है। लेकिन इस मार्ग पर भी बड़े वाहनों की आवाजाही से जाम लग रहा है। बजौरा वाया कटौला-मंडी मार्ग से वोल्वो बसें नहीं जाती हैं।
क्लिक कर देखें वीडियो