हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में बालूगंज व सोलन-चंडीगढ़ बाइफरकेशन के पास पहाड़ी दरकने के कारण बालूगंज सड़क वाहनों की आवाजाही के लिए बंद हो गई है। बालूगंज क्रॉसिक में सोमवार शाम भारी भूस्खलन होने से वाहनों की आवाजाही पूरी तरह से अवरुद्ध हो गई है। इस वजह से वाहनों की आवाजाही को वाया चक्कर डायवर्ट कर दिया गया है। वहीं भूस्खलन के कारण बालूगंज-एडवांस्ड स्टडी-विधानसभा मार्ग पर गिरने का खतरा मंडरा रहा है। यहां मार्ग पर बड़ी-बड़ी दरारें आ गई हैं। इसको देखते हुए एहतियातन पुलिस ने बैरिकेडिंग कर इस मार्ग पर भी वाहनों की आवाजाही पर रोक लगा दी है। जानकारी के मुताबिक सोमवार शाम करीब 4:30 बजे अचानक बालूगंज क्रॉसिंग पर बड़ी मात्रा में मलबे के साथ कई पेड़ मार्ग पर जा गिरे। इससे वाहनों की आवाजाही पूरी तरह से बैरिकेडिंग ठप हो गई। गनीमत रही कि इस दौरान कोई वाहन और व्यक्ति इसकी चपेट में नहीं आया।
मार्ग अवरुद्ध होने की सूचना मिलते ही मौके पर दो जेसीबी और एक रोबोट को भेजकर बहाली का कार्य शुरू कर दिया गया है। जल्द मार्ग बहाल कर दिया जाएगा।- राजेंद्र अग्रवाल, अधिशासी अभियंता, लोक निर्माण विभाग शिमला ग्रामीण