मंडी के चडयारा में मनाली-चंडीगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग किनारे मंगलवार सुबह फोरलेन निर्माण को काटी गई पहाड़ी अचानक दरक गई। इससे बड़ी-बड़ी चट्टानें एनएच 21 पर आ गईं और साथ लगते दो घरों को नुकसान पहुंचा है। घटना में को कोई जानी नुकसान नहीं हुआ है। पहाड़ी दरकने से गैहरा गांव के करीब बीस घरों को खतरा बना हुआ है।
एनएच किनारे पहाड़ी पर अटकी चट्टानों से कभी बड़ा हादसा हो सकता है। उधर, पुलिस ने जमीन मालिक और कंपनी प्रबंधन के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार पहाड़ी को फोरलेन निर्माण में मिट्टी के इस्तेमाल के लिए काटा जा रहा था। अधिकतर काटी जा चुकी पहाड़ी मंगलवार को दरक गई।
पहाड़ी में अटकी बड़ी चट्टानों के गिरने के खतरे को देखते हुए यहां रह रहे लोग दूसरी जगह शिफ्ट हो गए हैं। वहीं, पहाड़ी के ऊपरी तरफ गैहरा गांव में खतरा बरकरार है। घटना की सूचना मिलने पर सदर पुलिस मौके पर पहुंची और एनएच पर गिरे बड़े पत्थरों को हटाया। एएसपी अर्जित सेन ठाकुर ने मौके पर पहुंच जायजा लिया।
पुलिस के आने से पहले ही मौके से जेसीबी निकाल ली गई। वहीं, एक जेसीबी चट्टानों के बीच फंसी हुई है। पुलिस मामले को लेकर कंपनी इंजीनियर से पूछताछ कर रही है। सदर पुलिस ने जमीन मालिक के विरुद्ध आईपीसी की धारा 341, 336 व 427 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। उधर, जमीन मालिक ने बताया कि स्टेपवाइज कटिंग की जा रही थी।
काम खत्म होने वाला भी था, लेकिन मंगलवार सुबह एकाएक पहाड़ी दरक गई। प्रभावित लोगों को शेल्टर दिया जा रहा है। इधर, सदर पुलिस थाना प्रभारी चेत सिंह भंगालिया ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है। जांच जारी है। वहीं, एडीएम मंडी विवेक चंदेल ने बताया कि दो घरों को आंशिक नुकसान पहुंचने की सूचना मिली है। जिन्हें जमीन मालिक की ओर से ही शिफ्ट करवाया जा रहा है।
जमीन मालिक को भेजे गए थे नोटिस
डीसी मंडी संदीप कदम का कहना है कि अधिकारियों की टीम मौके पर भेजी गई है। टीम मौके पर जायजा ले रही है। टीम से मामले को लेकर रिपोर्ट मांगी गई है। रिपोर्ट के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी। नगर योजनाकार अधिकारी मंडी दिनेश लता ने बताया कि चडयारा में बिना अनुमति पहाड़ी की कटिंग का मामला सामने आया था। जिस पर जमीन मालिक को कई नोटिस भेजे गए हैं, लेकिन काम नहीं रोका गया था।