मंदिर में तैनात सुरक्षा टीम ने समय रहते बचाई श्रद्धालु की जान
चैत्र नवरात्रों के अष्टमी के दिन श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के बीच श्री नयना देवी मंदिर में नालागढ़ से माता के दर्शन करने आए श्रद्धालु मुकेश कुमार की अचानक तबीयत बिगड़ गई। उन्हें सांस लेने में परेशानी होने लगी और चक्कर आने के कारण वह चार नंबर सेक्टर में गिर पड़े। इस दौरान मंदिर परिसर में तैनात गृह रक्षा विभाग की क्यूआरटी टीम ने तुरंत मुस्तैदी दिखाई। टीम के सदस्यों ने श्रद्धालु को स्ट्रेचर पर उठाकर अस्थायी चिकित्सा केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने तेजी से प्राथमिक उपचार शुरू किया। त्वरित चिकित्सा सहायता के चलते मुकेश कुमार की हालत स्थिर हो गई और पूरी तरह स्वस्थ होने के बाद उन्हें घर भेज दिया गया। यह घटना मंदिर प्रशासन और सुरक्षाबलों की सतर्कता और तत्परता को दर्शाती है। नवरात्रों के दौरान लाखों श्रद्धालु माता के दर्शन करने आते हैं, ऐसे में आपातकालीन स्थितियों से निपटने के लिए तैनात सुरक्षा और चिकित्सा दल की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण हो जाती है। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि यात्रा के दौरान अपने स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखें और किसी भी अस्वस्थता की स्थिति में तुरंत सुरक्षाकर्मियों या चिकित्सा केंद्र से संपर्क करें।