विकास कार्यों को गति प्रदान करने और कार्यप्रणाली में पारदर्शिता लाने के लिए पंचायतों को पेपरलेस किया जाएगा। कुल्लू जिला में प्रथम चरण में दस पंचायतों को 15 जुलाई तक पेपरलेस कर दिया जाएगा। यह जानकारी ग्रामीण विकास एवं पंचायतीराज और पशुपालन मंत्री अनिल शर्मा ने दी।
वह शुक्रवार को सर्किट हाउस मनाली में तीन विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर विभागीय योजनाओं की समीक्षा कर रहे थे। अनिल शर्मा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे पंचायतों की ब्रॉडबैंड-इंटरनेट कनेक्टिविटी और कर्मचारियों की कंप्यूटर दक्षता की वस्तुस्थिति का आकलन करें।
मनरेगा में मजदूरी व निर्माण सामग्री के अनुपात, समय पर भुगतान और ऑनलाइन एंट्री का ध्यान रखा जाए। स्वच्छ भारत मिशन के तहत पंचायतों को विभिन्न चरणों में ठोस व तरल कचरा प्रबंधन के लिए भी धनराशि जारी की जाएगी। उन्होंने कहा कि कुल्लू जिला के पशु चिकित्सा संस्थानों में रिक्त पदों को जल्द भरा जाएगा।
अगले माह तक विभाग को 200 प्रशिक्षित वेटरनरी फार्मासिस्टों का बैच मिल जाएगा। इनके अलावा रिटायर्ड फार्मासिस्टों को भी तैनात किया जा रहा है। बैठक में एसडीएम एचआर बेरवा, डीआरडीओ परियोजना अधिकारी जीसी बैंस, पशुपालन विभाग के सहायक
निदेशक डॉ. संजय धीमान, डॉ. राजेंद्र पाल, डॉ. विनय शर्मा, डीपीओ अंचित डोगरा, कुल्लू के बीडीओ चेतराम, नग्गर की विद्या ठाकुर और बंजार के बीडीओ भी उपस्थित थे। इससे पहले सभी अधिकारियों ने अनिल शर्मा को उनके जन्मदिन की बधाई दी।