- गुड़िया मामले के मुख्य आरोपी को अदालत में पेश करने का समय सीबीआई की रणनीति का हिस्सा था। उसे एक योजना के तहत दस बजे से पहले ही कोर्ट में पेश किया गया और भीड़ जुटने तक तुरंत जेल भी शिफ्ट कर दिया गया। इस पूरी प्रक्रिया के दौरान अदालत में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा।
दरअसल, इससे पहले आरोपी को हलाइला ले जाने के दौरान बड़ी संख्या में लोग जुट गए थे। बहुचर्चित मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए बुधवार को आरोपी की अदालत में पेशी भी संवेदनशील थी। लोगों की भीड़ इस पेशी के दौरान या बाद में कोई खलल न डालें, इसी को ध्यान में रखते हुए आरोपी को दस बजे से पहले ही पेश कर दिया गया।
सूरज हत्याकांड के आरोपियों की न्यायिक हिरासत बढ़ी- गुड़िया प्रकरण के आरोपी सूरज की पुलिस हिरासत में मौत मामले के आरोपियों की न्यायिक हिरासत एक मई तक बढ़ा दी गई है। आरोपियों में शामिल पूर्व आईजी समेत सभी आरोपी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को सीजेएम रणजीत सिंह की अदालत में पेश किया गया।
आरोपियों ने अदालत में कहा कि सीबीआई द्वारा पेश किए गए आरोप पत्र की जो प्रति उन्हें दी गई है उसकी छपाई खराब है। लिहाजा उन्हें फिर से आरोप पत्र की प्रति दी जाए। इस पर अदालत ने सीबीआई को आरोप पत्र की एक और प्रति देने के आदेश जारी किए। साथ ही कहा कि आरोपियों को एक मई को फिर अदालत में पेश किया जाए।