प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुखविंदर सिंह सुक्खू ने गुड़िया प्रकरण पर सीएम के फेसबुक पेज पर कथित आरोपियों के फोटो अपलोड होने को ठियोग में हुए उग्र आंदोलन की वजह बताया है।
सुक्खू बोले- सीएम के फेसबुक पेज पर डाले गए कथित आरोपियों के फोटो और बाद में पुलिस की ओर से किए गए आरोपियों के खुलासे से जनता में आक्रोश फैला। कहा कि बिना पुष्टि के सीएम के फेसबुक अकाउंट पर जो तस्वीरें डाली गई हैं, वह बेहद दुखद है।
जिन्होंने यह किया है, उनके खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। कांग्रेस पार्टी इस तरह की तस्वीर प्रकाशित करने का विरोध प्रकट करती है।
सुक्खू ने पूरे प्रकरण में पुलिस जांच पर भी सवाल खड़े करते हुए कहा कि कहीं न कहीं पुलिस की तरफ से कोताही बरती गई। इसके चलते ही जनता में जन आक्रोश फैला और लोगों को सड़क पर उतरने को मजबूर होना पड़ा।
पीसीसी अध्यक्ष ने शनिवार को कांग्रेस प्रदेश मुख्यालय पर हुई पत्रकार वार्ता में कहा कि इस जघन्य अपराध को लेकर कांग्रेस पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है। जनता के जहन में जो सवाल उठ रहे है, इनका जवाब देना हिमाचल सरकार का कर्त्तव्य बनता है। बेटी के साथ दर्दनाक घटना से हिमाचल का हर व्यक्ति चिंतित हैं।
सुक्खू ने कहा कि पुलिस की ओर से आरोपियों का खुलासा किए जाने के बाद भी जनता का आक्रोश कम नहीं हुआ, इसके चलते प्रदेश सरकार ने मामले की जांच सीबीआई को सौंपी है। उन्होंने कहा कि सीबीआई जांच में तथ्य सामने आ जाएंगे और जो भी दोषी होंगे, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
भाजपा सेंक रही राजनीतिक रोटियां
कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष ने इस मामले में भाजपा पर राजनीतिक रोटियां सेंकने का आरोप लगाया है। सुक्खू ने भाजपा की आलोचना करते हुए कहा कि विपक्ष के नेता धूमल ऐसा कर रहे है। जनता की मांग पर सरकार ने इस मामले की जांच सीबीआई को सौंपने के आदेश दिए हैं, जबकि विपक्षी नेता आग में घी डालने का काम कर रहे हैं।
उन्होंने नेता प्रतिपक्ष प्रेम कुमार धूमल और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती के उक्त मामले पर दिए गए बयान पर हैरानी जताते हुए कहा कि विपक्ष के नेताओं के बयानों से से ऐसा लग रहा है कि समाज की बुराई में सरकार शामिल है।
गुड़िया केस को कैश करना चाहती है भाजपा: वीरभद्र
पीटरहॉफ शिमला में एक कार्यक्रम में शिरकत करने पहुंचे मुख्यमंत्री ने गुड़िया केस को लेकर चल रहे विवाद पर नाराजगी व्यक्त की। कहा कि भाजपा के पास कोई ठोस मुद्दा नहीं है, इसीलिए वह हर मुद्दे को कैश करने का प्रयास कर रही है। सीएम ने कहा कि ऐसे लोगों को चुल्लू भर पानी में डूब मरना चाहिए, जो किसी मासूम की हत्या और उस पर हो रही पारदर्शी जांच को राजनीतिक मुद्दा बनाने का प्रयास कर रहे हैं।
कहा कि बीजेपी का काम सिर्फ लोगों को गुमराह करना है। बोले - बीजेपी इस मामले पर राजनीति कर रही है और यह सही बात नहीं है। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ किसी भी सूरत में सहन नहीं होगा। जांच में सरकार के दखल के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि इस मामले से सरकार का कुछ भी लेना-देना नहीं है।
इसमें हैंड पिक्ड लोग शामिल हैं। कुछ लोग जंगल काटकर अमीर हुए हैं और कुछ सेब के बागीचे से अमीर हुए हैं। जो भी हो कानून व्यवस्था को हर हाल में बनाई रखी जाएगी। सीएम ने कहा कि लोगों की मांग पर गुड़िया के मामले की जांच सीबीआई को सौंपी गई है। फिर भी यदि किसी को शिकायत है तो सीबीआई के पास अपनी आपत्ति दर्ज करवा सकता है।