राजधानी के लोअर पंथाघाटी की सन वैली कॉलोनी में शुक्रवार सुबह करीब छह बजे कोटी-बरांडी परियोजना की राइजिंग मेन (मुख्य पाइपलाइन) फटने से लोगों के घरों में पानी घुस गया। पानी का प्रेशर इतना तेज था कि इसमें सड़क किनारे पार्क खड़ी कार और मोटरसाइकिल भी बह गई। चंद सेकंड में ही चार घरों में पानी भर गया। जब तक पानी का बहाव कम हुआ तब तक घरों में मलबा, रेत और पत्थर भर चुके थे।
कुछ देर के लिए हालात बाढ़ की तरह हो गए। लोगों ने नगर निगम को घटना की सूचना दी। इसके बाद पानी की सप्लाई को बंद कर दिया गया। आधा शहर प्यासा है और पाइप फटने से लाखों लीटर पानी बह गया। मैहली- ब्योलिया रोड के निचली तरफ यह पाइप बिछाई हुई है। पाइप फटते ही तेजी से पानी नीचे की ओर बहा। तेज बहाव के कारण सड़क के नीचे खड़े वाहन भी बह गए और गड्ढे में गिर गए।
करीब आधे घंटे तक घरों की खिड़कियों और दरवाजों से लगातार पानी आता रहा। दरवाजे और खिड़कियों में लगाया पेंट और पॉलिश खराब हो गया। साथ ही सोफे और कुर्सियों पर पानी और रेत से भर गई। बार बार पाइपलाइन फटने से प्रभावित लोग नगर निगम आयुक्त से मिले और उन्हें घटना के बारे में अवगत करवाया।
लोगों ने बताया कि भारी मात्रा में आए पानी के बहाव से जान माल का खतरा होने का भी डर लगा रहता है। उन्होंने कहा कि अगर ऐसे प्रेशर के साथ पानी लगातार अधिक देर बहता रहता तो घर की नींव कभी भी हिल सकती है और भविष्य में बड़ी अनहोनी हो सकती है।
बदल दी जाएगी पाइपलाइन : नेगी
नगर निगम आयुक्त जीसी नेगी का कहना है कि सूचना मिलते ही मौके पर टीम भेज दी गई थी। रात तक घटनास्थल के पास की पाइप लाइन रिप्लेस कर दी जाएगी ताकि लोगों को परेशानी न झेलनी पड़े।
लगातार पांचवी बार फटी पाइपलाइन
प्रभावित परिवार के सदस्य जयपाल का कहना है कि पांचवीं बार यह पाइप फट चुकी है, नगर निगम को कई बार इसे बदलने की मांग की गई थी लेकिन कोई स्थायी समाधान नहीं निकाला गया।
फोन करने पर नहीं मिले पानी के अफसरों के नंबर
प्रभावित परिवार की सदस्य सुमन चौहान ने बताया कि घर के भीतर पानी के घुसने का पता लगते ही आनन फानन में अफसरों को फोन मिलाया लेकिन किसी ने फोन नहीं उठाया। मेयर को मामले की सूचना दी। इसके बाद पानी को बंद करवाया गया।
चौथे दिन हो रही पानी की सप्लाई
प्रभावित घनश्याम चौहान ने बताया कि सारा मलबा घर के अंदर भर गया। दरवाजों और खिड़कियों का पेंट और पॉलिश खराब हो गया। घर में चौथे दिन पानी की सप्लाई हो रही है। ऐसे में पीने का पानी कैसे साफ-सफाई में इस्तेमाल करें। घर में पड़ा मलबा अभी तक नहीं हटाया है।
बहुत तेज था पानी का बहाव
प्रभावित परस राम ने बताया कि जब यह घटना घटी तब घर पर लाइट भी नहीं थी। प्रेशर से पानी आने की वजह से स्थिति भयावह हो गई थी। इस पाइप को ठीक किया जाए इसके बार बार फटने से सबको परेशानी झेलनी पड़ रही है।