चौकस भारद्वाज के अनुसार वह लंबे समय से धर्मशाला में फिल्म सिटी और उसमें फिल्म इंस्टीट्यूट की मांग सरकार से कर रहे हैं। हालांकि, प्रदेश सरकार फिल्म सिटी की पॉलिसी पर काम कर रही है लेकिन उसमें अभिनय की पढ़ाई की बात नहीं है। उनकी नजर में धर्मशाला में फिल्म सिटी के माध्यम से क्षेत्र में न केवल बॉलीवुड का जमावड़ा लगेगा, बल्कि विकास में भी वह अहम भूमिका अदा करेगा।
चौकस भारद्वाज ने कहा कि वह मुंबई में रहकर अकसर धर्मशाला में शूटिंग के लिए सभी को प्रेरित करते हैं, लेकिन यहां आधारभूत सुविधाएं न मिलने के कारण वह योजनाएं धरी की धरी रह जाती हैं।
मुंबई में करीब तीन दशक काम किया है। अब समाज के लिए काम करने की जरूरत को समझते हुए धर्मशाला उप चुनाव में केवल इसलिए नामांकन भरा था कि वह धर्मशाला के विकास की बात को पुख्ता तरीके से रख सकें।
चौकस भारद्वाज की पत्नी श्रेष्ठा भारद्वाज उनकी कंपनी में सहभागी हैं, जबकि बड़ी बेटी स्वरिका अमेरिका में अभिनय की पढ़ाई करके वापस आई हैं। छोटी बेटी श्रुति भारद्वाज बाहुबली वेब सीरीज में अभिनय कर रही हैं।