लोकतंत्र के पर्व में जो व्यक्ति अपने मताधिकार का प्रयोग करता है, सही मायनों में वही राष्ट्र का सच्चा नागरिक है। यह विचार अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त डब्ल्यूडब्ल्यूई रेसलर दलीप सिंह राणा ऊर्फ द ग्रेट खली ने सोमवार को जिला परिषद भवन में निर्वाचन विभाग के सौजन्य से आयोजित जिला स्तरीय राष्ट्रीय मतदाता दिवस में मौजूद लोगों को संबोधित करते हुए व्यक्त किए।
द ग्रेट खली ने कहा कि चुनाव के दौरान कई लोग वोट नहीं डालते, जो लोकतंत्र की परंपरा एवं गरिमा के अनुरूप नहीं है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक वयस्क व्यक्ति को अपने मताधिकार का अनिवार्य रूप से प्रयोग करना चाहिए जिससे लोकतंत्र को बल मिलता है। उन्होंने युवाओं का नशे से दूर रहने का भी आह्वान किया, उन्होंने कहा कि नशा किसी भी समाज के लिए एक अभिशाप है।
उन्होंने विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित किया और नये युवा मतदाताओं को पहचान पत्र देकर सम्मानित किया। जिला निर्वाचन अधिकारी बीसी बडालिया ने समारोह में उपस्थित सभी लोगों को राष्ट्रीय मतदाता दिवस के उपलक्ष्य पर शपथ दिलाई।
इसके बाद उपायुक्त ने अपने संबोधन में कहा कि द ग्रेट खली युवा पीढ़ी के प्रेरणा स्रोत हैं, जिन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सिरमौर ही नहीं अपितु प्रदेश और देश का भी नाम रोशन किया है और इनके द्वारा राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर की गई अपील की अनुपालना सभी मतदाताओं द्वारा की जानी चाहिए तभी प्रत्येक मतदाता की मजबूत लोकतंत्र के गठन में भागीदारी सुनिश्चित होगी।