अखिल भारतीय फुटबाल महासंघ की अणु में 28वीं महिला वर्ग की राष्ट्रीय वरिष्ठ फुटबाल प्रतियोगिता के दूसरे दिन कड़े मुकाबले हुए। वीरवार को पहला मुकाबला रेलवे बनाम बिहार के बीच खेला गया। इसमें रेलवेज ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 5-0 से विजय अर्जित की। पहले हाफ में दोनों टीमों के बीच जोरदार मुकाबला हुआ। पहले हाफ के 14वें मिनट में रेलवेज के जबमानी टुडू ने एकमात्र गोल दागा। दूसरे हाफ में रेलवेज ने अपना दम दिखाते हुए, 50वें, 54वें, 59वें ओर 63वें मिनट में 4 गोल दागे। रेलवेज की की युमनाम कमला देवी ने हैट्रिक लगाई्र। रेलवेज की टीम में अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी लोइटोंगबम आशालता देवी, संजू यादव, अंजू तमांग और मनीसा पन्ना भी शामिल हैं।
दूसरे मुकाबले में हिमाचल प्रदेश ने अंडमान निकोबार को 17-0 से परास्त किया। हिमाचल की ओर से रिया शर्मा ने 23वें 36वें, 47वें, 74वें, 80वें और 89 वे मिनट में 6 गोल दाग डबल हैट्रिक लगाई। मीनू दत्ता ने भी 43वें, 67वें और 76वें मिनट में गोल कर हैट्रिक लगाई। इसके साथ ही सुरेका ने 2, अदिति पवार ने 1, अंजू ने 2 और रिजवल राठौर ने 1 गोल दारा। इस अवसर में प्रदेश फुटबाल संघ के महासचिव दीपक शर्मा, संघ के कोषाध्यक्ष नरेश राणा, जिला फुटबाल संघ के अध्यक्ष प्रदीप सिंह, कोषाध्यक्ष संदीप लाली, नरेश ठाकुर और अंकित भी मौजूद रहे।