उल्लेखनीय है कि राज्यपाल आचार्य देवव्रत 17 जुलाई से 4 अगस्त तक अमेरिका के निजी दौरे पर रवाना हो गए हैं। अमेरिका के निजी दौरे के दौरान वह आर्य प्रतिनिधि सभा के महासम्मेलन व अन्य कार्यक्रमों में भाग लेंगे।
चूंकि देवव्रत का कार्यक्रम 15 दिन से ज्यादा का है, इसलिए राष्ट्रपति ने उनकी गैर मौजूदगी में हरियाणा के राज्यपाल कप्तान सिंह सोलंकी को हिमाचल का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा है। शपथ ग्रहण समारोह में मिनिस्टर इन वेटिंग सुरेश भारद्वाज के अलावा कई अन्य मंत्री व अधिकारी मौजूद रहे।
राज्यपाल कप्तान सिंह सोलंकी तथा लेडी गवर्नर रानी सोलंकी ने मंगलवार को शिमला के निकट मशोबरा में क्षेत्रीय बागवानी अनुसंधान एवं प्रशिक्षण केन्द्र का दौरा किया।
राज्यपाल ने वैज्ञानिकों के साथ बातचीत के दौरान अनुसंधान केन्द्र का प्रदेश में बागवानी क्षेत्र विशेषकर ऊपरी शिमला क्षेत्र में दिए गए योगदान की सराहना की। उन्होंने क्षेत्र के प्राकृतिक सौंदर्य को सराहा।
उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश प्रसिद्ध पर्यटक गंतव्य है जो हर वर्ष लाखों पर्यटकों को आकर्षित करता है। उन्होंने कहा कि हिमाचल सही अर्थों में देवभूमि है जहां कि शांत वादियां व सुहाना मौसम शांति देता है।
क्षेत्रीय बागवानी अनुसंधान एवं प्रशिक्षण केन्द्र के निदेशक डॉ पंकज गुप्ता ने राज्यपाल का स्वागत किया तथा उन्हें सेब की विभिन्न किस्मों व अनुसंधान केन्द्र द्वारा किए जा रहे शोध कार्य के बारे में जानकारी दी।