थाना डमटाल के तहत भदरोया पंचायत से बहते चक्की दरिया में पिता-पुत्र बह गए। इस दौरान पुलिस ने पिता का शव बरामद कर लिया है, जबकि उसका 13 वर्षीय पुत्र लापता है। मृतक की पहचान विनय महाजन पुत्र विशन दास गुप्ता बसंत कॉलोनी, सैली रोड पठानकोट के रूप में हुई है।
विज्ञापन
जानकारी के अनुसार बुधवार शाम को विनय महाजन अपने बेटे के साथ यहां श्राद्ध छोड़ने आए थे। इस दौरान विनय महाजन के बेटे का पैर फिसलने से वह खड्ड में गिर गया और बहने लगा। बेटे को बचाने के लिए पिता ने खड्ड में छलांग लगाई और तेज बहाव में दोनों बह गए। इसकी जानकारी पुलिस को मिली तो वीरवार सुबह सर्च ऑपेरशन चलाया गया और विनय का शव बरामद किया गया।
वहीं, उनके बेटे की तलाश में पुलिस और एनडीआरएफ की टीम जुटी हुई है। विनय महाजन के शव को पोस्टमार्टम के लिए नूरपुर अस्पताल भेजा गया और इसके बाद शव को परिजनों के हवाले कर दिया गया। उध, चक्की दरिया में बहे बेटे को तलाशने का अभियान अंधेरा होने पर वीरवार देर शाम बंद कर दिया गया। अब शुक्रवार को फिर अभियान चलाया जाएगा। उधर, डीएसपी इंदौरा संजीव कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि मामले की जांच शुरू कर दी है।