कंगना ने किया रवीना टंडन का समर्थन
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
अपनी बेबाकी के लिए चर्चित मंडी से भाजपा प्रत्याशी एवं अभिनेत्री कंगना रनौत ने बॉलीवुड अभिनेत्री रवीना टंडन का समर्थन किया है। सोशल मीडिया में स्टोरी अपडेट कर उन्होंने इस विवाद को लेकर अपनी राय रखी। मतगणना से एक दिन पहले व्यस्तताओं के बावजूद उन्होंने खुलकर रवीना टंडन के पक्ष में आवाज बुलंद की।
'रोडरेज मामले निंदाजनक'
कंगना ने लिखा कि रवीना टंडन के साथ जो हुआ वह चिंताजनक है। घटना में विरोधी ग्रुप में 5-6 लोग और होते तो अभिनेत्री की पीट-पीटकर हत्या कर दी जाती। इस तरह के रोडरेज मामले निंदाजनक हैं। इस मामले में जो भी दोषी हैं, उन लोगों को फटकार लगाई जानी चाहिए। ऐसे हिंसक व्यवहार वालों पर कार्रवाई जरूर होनी चाहिए।
बता दें कि हाल ही में एक वीडियो सामने आया था। इसमें अभिनेत्री रवीना टंडन पर कुछ महिलाएं हमला करते हुए नजर आ रही हैं। इसी मामले में कंगना ने रवीना टंडन का समर्थन करते हुए बात रखी है। सोशल मीडिया में कंगना की तरफ से अपडेट की गई स्टोरी तेजी से वायरल हो रही है।
क्या है पूरा मामला
रवीना टंडन इन दिनों सुर्खियों में बनी हुई हैं। रवीना का एक वीडियो बीते दिन, 2 जून को वायरल हुआ था, जिसमें उनके साथ कुछ लोग अभद्र व्यवहार करते नजर आए थे। कुछ लोगों ने रवीना पर महिलाओं पर हमला करने का आरोप लगाते हुए उनके साथ मारपीट की थी। वायरल वीडियो में एक महिला शिकायत करती हुई दिखाई दे रही है कि रवीना और उनके ड्राइवर ने उसके साथ मारपीट की और उसकी नाक से खून बहने लगा। अधिकारी ने बताया कि विवाद के बाद दोनों पक्ष खार पुलिस थाने गए और लिखित बयान दिया कि एक-दूसरे के खिलाफ कोई शिकायत नहीं है। वहीं, इस मामले में पुलिस ने यह साफ कर दिया है कि रवीना पर लगाए गए आरोप झूठे हैं, जिसका सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया। वहीं, अब इस मामले में अब अभिनेत्री कंगना रनौत ने रवीना का समर्थन किया है और इस घटना की निंदा की।