आठ हेक्टेयर में 2.5 किलोमीटर लंबी नेचर ट्रेल, पर्यटन और रोजगार को मिलेगा बढ़ावा
शाली टिब्बा, महासू, मशोबरा और नालदेहरा पर्वत शृंखलाओं का ले सकेंगे नजारा
योग प्वाइंट और थ्री-डी डिस्प्ले बनेंगे आकर्षण
संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। राजधानी में पर्यटकों के लिए कमियाना हिल टॉप नेचर ट्रेल नया आकर्षण बनकर उभर रही है। आठ हेक्टेयर क्षेत्र में विकसित यह 2.5 किलोमीटर लंबी ट्रेल प्रकृति संरक्षण, स्थानीय रोजगार और सतत पर्यटन को बढ़ावा देगी। इस नेचर ट्रेल से शाली टिब्बा, महासू, मशोबरा और नालदेहरा पर्वत शृंखलाओं का नजारा विशेष आकर्षण का केंद्र है।
पंचायतीराज मंत्रालय ने राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान के तहत इसके निर्माण के लिए पांच करोड़ रुपये की सहयोग राशि दी है। यह ट्रेल ऑकलैंड टनल से लगभग आठ किलोमीटर दूर पोआबो पंचायत में स्थित है। यह बच्चों, युवाओं और वरिष्ठ नागरिकों सहित सभी प्रकृति प्रेमियों के लिए सुगम है।
पर्यटक यहां से शाली शिखर, महालू शिखर, मशोबरा और नालदेहरा पर्वत श्रृंखलाओं के मनोरम दृश्य देख सकते हैं। इस नेचर ट्रेल की प्रमुख विशेषता यहां से दिखाई देने वाले हिमालय के विहंगम दृश्य हैं। ट्रेल पर विभिन्न प्रजातियों के वृक्ष प्राकृतिक वातावरण प्रदान करते हैं। आगंतुकों के लिए वॉच टावर, योग प्वाइंट और थ्री-डी डिस्प्ले जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं।
यह परियोजना स्थानीय समुदाय की सक्रिय भागीदारी को प्राथमिकता देती है। ट्रेल के संचालन और प्रबंधन में स्थानीय युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे। इससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। परियोजना का उद्देश्य पर्यटन गतिविधियों को प्रकृति संरक्षण के साथ जोड़ना है।
वन मंडल अधिकारी, शिमला मंडल, अनिकेत वान्वे ने बताया कि परियोजना का मुख्य उद्देश्य स्थानीय लोगों को आजीविका के अवसर उपलब्ध कराना है।