कोटी-गुम्मन के बीच पुल के पास मिट्टी बही
- फोटो : अमर उजाला नेटवर्क
हिमाचल प्रदेश में लगातार बारिश के बीच विश्व धरोहर कालका-शिमला रेलवे ट्रैक पर एक बार फिर बड़ा संकट खड़ा हो गया है। कोटी और गुम्मन रेलवे स्टेशनों के बीच ब्रिज नंबर 57 के पास ट्रैक के आसपास की मिट्टी बह जाने के बाद रेलवे ने इस रेलखंड पर यातायात रोक दिया है। रेलवे की ओर से जारी सूचना में बताया गया है कि ब्रिज नंबर 57 के करीब किलोमीटर 07/16-17 पर मिट्टी बह गई है।
स्थिति को देखते हुए नैरो गेज (NG) ट्रेनों का संचालन निलंबित कर दिया गया और 30 अगस्त 2026 को चलने वाली कुल 10 ट्रेनें रद्द कर दी गई हैं। इनमें कालका से शिमला और शिमला से कालका जाने वाली पांच-पांच ट्रेनें शामिल हैं।
रेलवे के नोटिस के मुताबिक, कोटी-गुम्मन के बीच ट्रैक के आसपास मिट्टी बहने से रेल लाइन की सुरक्षा प्रभावित हुई है। ऐसे में यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए ट्रेनों का संचालन रोकने का फैसला लिया गया है।
ये ट्रेनें रहेंगी रद्द
कालका से शिमला जाने वाली ट्रेनें
52451
52459
52455
52453
52457
शिमला से कालका जाने वाली ट्रेनें
52452
52460
52456
52454
52458
रेलवे की ओर से जारी पत्र में स्पष्ट किया गया है कि 30 अगस्त को इन सभी ट्रेनों को रद्द किया गया है।
हाल के दिनों में भी लगातार बारिश के कारण कालका-शिमला हेरिटेज रेललाइन पर कोटी, गुम्मन और तारादेवी के आसपास मलबा गिरने से रेल यातायात प्रभावित हुआ है। अगस्त में इस रेलखंड पर यात्रियों को निकालने के लिए सेना की मदद तक लेनी पड़ी थी। इस बार ब्रिज नंबर 57 के आसपास मिट्टी बहने की घटना ने रेलवे की चिंता बढ़ा दी है। रेलवे की ओर से ट्रैक को सुरक्षित किए जाने के बाद ही यातायात बहाल करने की स्थिति स्पष्ट होगी।
यात्रियों के लिए जरूरी सूचना
अगर आप 30 अगस्त को कालका, शिमला या बीच के किसी स्टेशन से टॉय ट्रेन से यात्रा करने वाले हैं, तो यात्रा से पहले ट्रेन का ताजा स्टेटस जरूर जांच लें। ऑनलाइन ट्रेन डेटा में भी 30 अगस्त के लिए कई कालका-शिमला ट्रेनें कैंसिल दिखाई जा रही हैं।