बहुचर्चित ज्योति हत्याकांड में बरी दून विधायक रामकुमार चौधरी अब मंदिरों और दरगाहों में नतमस्तक होंगे। संकट की घड़ी में परिजनों की रिहाई की मन्नत को पूरा करने के लिए वह सपरिवार राजस्थान के जिला गंगानगर के बागड़ स्थित जाहरवीर श्री गोगा जी की दरगाह में दर्शन करने रवाना हुए।
जेल से छूटने के ठीक एक दिन बाद शुक्रवार सुबह करीब छह बजे घर से निकलने से पहले उन्होंने हरिपुर संडोली स्थित गोगा माड़ी मंदिर में मत्था टेका। चर्चा है कि विधायक के परिजनों ने जाहरवीर श्री गोगा जी से मन्नत मांगी थी कि अगर उनका बेटा सही सलामत वापस लौट आएगा तो वह गोगा जी महाराज के दर्शन करने जाएंगे।
पहले अंबाला से ही सीधे बागड़ जाने का कार्यक्रम था लेकिन पूर्व विधायक चौधरी लज्जा राम के निर्देश पर पहले विधायक अपने घर आए उसके बाद शुक्रवार सुबह छह बजे ही रवाना हो गए।