वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैली से पहले सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त होने लगी है। शहर में चौकसी और रात्रि गश्त बढ़ा दी गई है। चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। सीआईडी ने शनिवार को होटलों का रिकॉर्ड भी खंगाला। होटल संचालकों को रिकॉर्ड दुरुस्त और अपडेट रखने की हिदायत दी गई है। पीएम मोदी त्रिस्तरीय सुरक्षा घेरे के बीच 24 सितंबर को युवा संकल्प रैली में चुनावों का शंखनाद करेंगे। 20 सितंबर तक एसपीजी मंडी के पड्डल मैदान को अपने अधीन ले सकती है। उधर, प्रशासन भी रैली स्थल का खाका खींचने में जुटा है। रैली के दौरान त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था की जाएगी। एसपीजी के अलावा प्रदेश पुलिस, बटालियन के जवान भी मौजूद रहेंगे। उल्लेखनीय है कि सुरक्षा की दृष्टि से शहर को करीब सात सेक्टरों में बांटा जाएगा।
पड्डल मैदान पर करीब आधा दर्जन प्रवेश द्वार लगाए जाएंगे। खोजी कुत्तों की मदद से भी सुरक्षा इंतजामों की निगरानी की जाएगी। मोदी के कार्यक्रम के लिए शहर से दूर चार फोकल प्वाइंट बनाए जाएंगे। यहां वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था होगी और आने वालों को पैक्ड खाना देने की योजना भी है। कार्यक्रम स्थल पर खाने की हर चीज पर पाबंदी रहेगी। कुल्लू, मनाली, लाहौल स्पीति से आने वाले वाहनों के लिए फोकल प्वाइंट सौली खड्ड हो सकता है। चंडीगढ़ से आने वाले वाहन पुल घराट के समीप सब्जी मंडी में पार्क होंगे। पठानकोट, जोगिंद्रनगर और चंबा की ओर से आने वाले वाहन खलियार के पास पार्क किए जाएंगे।