सम्मेलन में वीरभद्र पर साधा निशाना
पंच परमेश्वर सम्मेलन में नड्डा ने कांग्रेस के दिवंगत नेता वीरभद्र सिंह पर निशाना साधा। उन्होंने व्यंग्य कसते हुए कहा कि 1998 के चुनाव से 3 महीने पहले वीरभद्र सिंह ने 40 लाख रुपये देने की घोषणा कर टांडा मेडिकल कॉलेज का निर्माण करने की कोशिश की थी। नड्डा ने सम्मेलन में हिमाचल और केंद्र में स्वास्थ्य मंत्री रहते एम्स, टांडा मेडिकल कॉलेज जैसे कई बड़े विकास कार्यों के बारे में बातें कीं।
खुली जीप से उतर गए नड्डा
गगल एयरपोर्ट पर भाजपा कार्यकर्ताओं की ज्यादा भीड़ न जुटने पर नड्डा ने खुली जीप में रोड शो करने से परहेज किया। नड्डा खुली जीप में बैठे तो सही, लेकिन दो मिनट में ही हाथ हिलाकर उतर गए। इसके बाद वह इनोवा गाड़ी में बैठकर सम्मेलन स्थल के लिए निकले।
टिकटार्थियों का शक्ति प्रदर्शन, सरवीण ने नड्डा की गाड़ी को किया ओवरटेक
गगल एयरपोर्ट पर जिला कांगड़ा और चंबा से टिकट के तलबगारों ने शक्ति प्रदर्शन करने की कोशिश की। टिकट के तलबगार एयरपोर्ट में अगवानी से लेकर विदाई तक डटे रहे। इस दौरान शाहपुर भाजपा भी दोफाड़ दिखी। टिकट के तलबगारों ने अलग-अलग नड्डा का स्वागत किया। पंकू कांगड़िया हाईवे पर स्वागत के लिए समर्थकों के साथ खड़े थे तो मंत्री सरवीण चौधरी राष्ट्रीय अध्यक्ष की गाड़ी को ओवरटेक कर आगे निकल गईं, जबकि जेपी नड्डा बीच में रुक गए।