शनिवार को जारी बयान में नेता विपक्ष ने कहा कि मुख्यमंत्री कहते हैं कि सबसे ज्यादा पढ़ लिखकर वही बजट प्रस्तुत करते हैं। जितना वह बजट पढ़ते हैं, उतना कोई नहीं पढ़ता होगा। तंज कसते हुए कहा कि वह बजट कैसे पढ़ते हैं, उसकी बानगी कैग रिपोर्ट में दिखती है। कैग की रिपोर्ट बताती है कि मुख्यमंत्री की ओर से 14 मामलों के लिए 711 करोड़ रुपये का अनुपूरक बजट प्रस्तुत किया लेकिन सरकार द्वारा उन 14 मामलों के लिए जारी मूल बजट ही नहीं खर्च किया गया था। यह बजट यदि सही जगह के लिए जारी किया जाता तो प्रदेश का भला होता। कैग रिपोर्ट से यह पता चला है कि सरकार की ओर से 40 परियोजनाओं के लिए जारी किए गए बजट से एक पाई भी नहीं खर्च हुई है।
2990 परियोजनाओं के 2795 करोड रुपये का उपयोगिता प्रमाणपत्र ही जमा नहीं किया गया है। यह धनराशि कहां खर्च हुई, जिसका ब्योरा सरकार ने नहीं दिया है। इस तरीके के व्यवस्था परिवर्तन का नारा देकर व्यवस्था पतन करने वाली सरकार ने प्रदेश के विकास पर ब्रेक लगा दी है। नेता विपक्ष ने कहा कि सोशल मीडिया में प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मणिमहेश में हुए जानमाल के नुकसान का जो आंकड़ा बताया जा रहा है, वह आधिकारिक आंकड़ों से बहुत ज्यादा है। सरकार की ओर से इस पर कोई स्पष्टीकरण अभी तक नहीं दिया गया है। लोगों को राहत प्रदान करने के हर सरकारी दावे को मौके पर मौजूद श्रद्धालु खारिज कर रहे हैं।
गाली देने वाली पार्टी बनी कांग्रेस, जनता माफ नहीं करेगी : बिंदल
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डाॅ. राजीव बिंदल ने कहा कि कांग्रेस पार्टी राष्ट्रीय स्तर पर बहुत बड़ी कुंठा की शिकार है। वह पार्टी जो देश में लगातार 60 साल तक सत्ता में रही, आज जनता से नकारी जा रही है। बड़े-बड़े प्रदेश कांग्रेस के हाथ से छूट गए हैं। वहां कांग्रेस दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू पा रही है। ये छटपटाहट इस स्तर तक पहुंच गई है कि सांविधानिक संस्थाओं को देश के अंदर गाली दी जा रही है। देश को गाली देना राहुल गांधी की फितरत में शामिल हो गया है।
शनिवार को जारी प्रेस बयान में डाॅ. बिंदल ने कहा कि चुनाव आयोग जब कांग्रेस की सरकार बनाता है तो राहुल गांधी की दृष्टि में वह निष्पक्ष होता है। वही चुनाव आयोग जब किसी और पार्टी की सरकार बनाता है तो निकम्मा हो जाता है। कांग्रेस की सरकार हिमाचल प्रदेश में सत्ता में आई, तो चुनाव आयोग ठीक था लेकिन जब हरियाणा में कांग्रेस की सरकार नहीं बनी तो चुनाव आयोग को कटघरे में खड़ा कर दिया। कर्नाटक में कांग्रेस की सरकार बन गई तो चुनाव आयोग निष्पक्ष, जब महाराष्ट्र में चुनाव के नतीजे खिलाफ आए तो चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर प्रश्न चिह्न खड़ा कर दिया।
उन्होंने कहा कि घुसपैठियों को चुनाव की श्रेणी में डालकर रखना, उनको वोट का अधिकार देना देश के खिलाफ है। बिहार में जो सोच बनाने का प्रयास कांग्रेस कर रही है, वास्तव में अपनी खीज को मिटाने का प्रयास मात्र है। डाॅ. बिंदल ने कहा कि नरेंद्र मोदी न केवल देश के प्रधानमंत्री हैं अपितु विश्व विख्यात नेता हैं। उनके प्रति हर मंच पर अपशब्दों का प्रयोग करना, उनकी माता के प्रति अपशब्दों का प्रयोग करना गलत है। देश की जनता राहुल गांधी को प्रधानमंत्री के खिलाफ इस्तेमाल किए गए अपशब्दों के लिए कभी क्षमा नहीं करेगी।