नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने शनिवार को शिमला में आयोजित पत्रकार वार्ता में कांग्रेस सरकार पर लोकतंत्र को कुचलने, जनादेश का अपमान करने तथा सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग कर पंचायत एवं नगर निकाय चुनावों के परिणामों को प्रभावित करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार पहले हर हाल में चुनाव टालना चाहती थी, लेकिन हाईकोर्ट और अंततः सुप्रीम कोर्ट के हस्तक्षेप के बाद चुनाव करवाने पड़े। इसके बावजूद सरकार अब अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष के चुनाव जानबूझकर लटका रही है ताकि हॉर्स ट्रेडिंग और जनप्रतिनिधियों पर दबाव बनाने का समय मिल सके। जयराम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस सरकार को पहले से अंदेशा था कि जनता उसके खिलाफ मतदान करेगी। यही कारण था कि कभी आपदा प्रबंधन एक्ट का सहारा लिया गया, कभी नियमों में बदलाव किए गए और कभी चुनाव प्रक्रिया को बाधित करने का प्रयास किया गया। सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के बाद चुनाव तो हुए, लेकिन अब सरकार जनादेश को स्वीकार करने के बजाय लोकतांत्रिक प्रक्रिया को रोकने में जुटी हुई है।