पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने सोलन नगर निगम में भारतीय जनता पार्टी की मेयर पद की प्रत्याशी सुषमा तथा डिप्टी मेयर पद के प्रत्याशी गौरव राजपूत के निर्वाचित होने पर उन्हें शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि सोलन नगर निगम में भाजपा की यह जीत लोकतंत्र, जनविश्वास और भाजपा की जनसेवा एवं सुशासन की राजनीति की जीत है। प्रदेश सरकार ने अपने पूरे कार्यकाल में राजनीतिक दबाव, सत्ता के दुरुपयोग और विभिन्न हथकंडों के माध्यम से लोकतांत्रिक संस्थाओं को प्रभावित करने का प्रयास किया, लेकिन सोलन की जनता के जनादेश और जनप्रतिनिधियों के विवेक के सामने सरकार की सारी साजिशें नाकाम साबित हुईं। निर्वाचित पार्षदों को प्रताड़ित करने के उनके एक भी हथकंडे काम नहीं आए। जयराम ठाकुर ने कहा कि यह परिणाम स्पष्ट संदेश है कि प्रदेश की जनता कांग्रेस सरकार की जनविरोधी नीतियों से निराश है और भाजपा की विकासोन्मुखी सोच तथा जनहित की राजनीति पर अपना विश्वास लगातार व्यक्त कर रही है।