पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर
- फोटो : अमर उजाला
नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि राज्यपाल के बजट अभिभाषण के माध्यम से सरकार अपनी एक भी उपलब्धि नहीं गिना पाई है। राज्यपाल का अभिभाषण सरकार का दस्तावेज होता है। सरकार एक साल का कार्यकाल पूरा चुकी है, कांग्रेस सरकार ने अपने कार्यकाल में इस दौरान कितना विकास किया है, इस का जिक्र तक नहीं है। उन्होंने यह बात बुधवार को विधानसभा में कही। उन्होंने कहा राज्यपाल सम्माननीय हैं। एक व्यवस्था में सरकार की तरफ से जो राज भवन को अभिभाषण तैयार कर दिया जाता है, उसे राज्यपाल पेश करते हैं।
1 घंटे 6 मिनट के अभिभाषण में एक साल की एक भी उपलब्धि का जिक्र नहीं है। ऐसे में स्पष्ट है कि 14 माह का कार्यकाल पूरा करने वाले सरकार उपलब्धि के नाम पर शून्य है। यदि अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए नो वर्क, नो पे लागू करने की बात कही जाती है तो इस सरकार पर भी ये लागू होनी चाहिए। सरकार अपने घोषणा पत्र का सरकार का नीतिगत दस्तावेज बताती है लेकिन एक साल में 10 चुनावी गारंटियों को लेकर क्या किया, उसका उल्लेख तक नहीं है। क्या सुक्खू सरकार चुनावी गारंटियों से किनारा कर चुकी है। कांग्रेस को उसकी गारंटियां ही सत्ता से बाहर ले जाएगी। कहना अलग बात है, योजनाओं को धरातल पर लाना अलग बात है।
कर्मचारियों की 50 फीसदी तनख्वाह दी जाती ओपीएस में
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि सुक्खू सरकार कर्मचारियों को झटका देने वाली है। सरकारी कर्मचारियों को अंतिम तनख्वाह की 50 फीसदी राशि ओपीएस के रूप में दी जाती है। अब इसे 30 या फिर 20 फीसदी करने की तैयारी है। सुक्खू सरकार एक ऐसी सरकार होगी, जो साल में सबसे अधिक कर्ज लेने के लिए जाने जाएगी। अब तक 14 हजार करोड़ का कर्ज लिया जा चुका है।