मुख्यमंत्री नामित होने के बाद जयराम ठाकुर ने अधिकारियों के साथ शिमला के पीटरहॉफ में बैठक की। बैठक में 27 दिसंबर को होने वाले नई सरकार के शपथ ग्रहण समारोह के लिए पीएम नरेंद्र मोदी समेत अन्य वीवीआईपी के दौरे की तैयारियों की समीक्षा की गई।
बैठक में कई भाजपा विधायक भी मौजूद रहे। इसके अलावा मुख्य सचिव, डीजीपी के अलावा सामान्य प्रशासन और अन्य विभागों के प्रमुख मौजूद रहे। बैठक की अध्यक्षता करते हुए जयराम ठाकुर ने आदेश दिए कि वीवीआईपी के मध्य बेहतर समन्वय स्थापित किया जाए।
उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं सरकार के साथ समन्वय स्थापित करने का आग्रह किया ताकि वीवीआईपीएस को किसी तरह की असुविधा का सामना न करना पड़े। बैठक में निर्णय लिया गया कि शपथ ग्रहण समारोह को लाइव दिखाने के लिए शिमला में विभिन्न स्थानों पर आठ से दस एलईडी स्थापित की जाएंगी।
इतने बजे शिमला पहुंचेंगे पीएम मोदी
इसके अलावा मंडी के सेरी मंच, कुल्लू और सुंदरनगर में भी इस तरह की व्यवस्था की जाएगी। शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 27 दिसंबर सुबह करीब पौने 11 बजे रिज मैदान पहुंच सकते हैं। दोपहर तक प्रधानमंत्री का वापस दिल्ली लौटने का कार्यक्रम है।
गौरतलब है कि हिमाचल की नई सरकार के 27 दिसंबर को होने वाले शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह और पार्टी के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी के आने का कार्यक्रम है। इसके अलावा 10 राज्यों के सीएम भी शपथ ग्रहण समारोह में शिरकत करेंगे।
केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा शिमला पहुंचे
नई सरकार के शपथ ग्रहण समारोह के लिए केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा शिमला पहुंच गए हैं। शिमला पहुंचने नामित मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने पीटरहॉफ में नड्डा का स्वागत किया। शाम के समय नड्डा रिज मैदान पर शपथ ग्रहण समारोह स्थल का निरीक्षण करेंगे और तैयारियों का जायजा लेंगे।