हिमकेयर योजना की जांच पर उठाए सवाल
जयराम ठाकुर ने भाजपा सरकार के कार्यकाल की लोकप्रिय हिमकेयर योजना को बंद करने और बदनाम करने की साजिश का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विधानसभा में 1100 करोड़ रुपये के घोटाले का दावा करते रहे, जबकि योजना की शुरुआत से अब तक कुल 850 करोड़ रुपये ही खर्च हुए हैं।
उन्होंने कहा कि अब मुख्यमंत्री 100 करोड़ रुपये की गड़बड़ी की बात कहकर पुलिस अधिकारियों से जांच करवा रहे हैं। जयराम ठाकुर ने मुख्यमंत्री को खुले मंच से चुनौती दी कि वह हिमकेयर योजना में घोटाला साबित करके दिखाएं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने पर इस कथित राजनीति से प्रेरित जांच की भी निष्पक्ष जांच करवाई जाएगी।
इस अवसर पर स्थानीय विधायक विनोद कुमार ने भी सुक्खू सरकार की कार्यप्रणाली पर निशाना साधा। उन्होंने नवनिर्वाचित पंचायती राज प्रतिनिधियों से बिना किसी दबाव के ईमानदारी से जनसेवा करने और भाजपा के साथ कदम से कदम मिलाकर चलने का आह्वान किया।
ब्रिक्स सम्मेलन को लेकर प्रधानमंत्री मोदी की सराहना
जयराम ठाकुर ने भारत की मेजबानी में आयोजित ब्रिक्स सम्मेलन को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना की। उन्होंने कहा कि सम्मेलन से विश्व पटल पर भारत का प्रभाव और प्रधानमंत्री मोदी का वैश्विक नेतृत्व मजबूत हुआ है।
उन्होंने कहा कि भारत ने सम्मेलन में विकासशील देशों की आवाज को मजबूती से उठाया और वैश्विक निर्णय प्रक्रिया में उनकी अधिक भागीदारी की आवश्यकता सामने रखी। व्यापार, तकनीक, डिजिटल अर्थव्यवस्था, आपूर्ति श्रृंखला और आर्थिक सहयोग के क्षेत्र में हुए प्रयासों को उन्होंने भारत के लिए नए अवसर पैदा करने वाला बताया।
जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत अब केवल वैश्विक व्यवस्था में भूमिका निभाने वाला देश नहीं, बल्कि वैश्विक एजेंडा तय करने और दुनिया को नई दिशा देने वाली प्रमुख शक्ति के रूप में उभर रहा है।