जयराम ठाकुर हिमाचल प्रदेश के 13वें मुख्यमंत्री होंगे। करीब तीन दशक बाद सीएम की कुर्सी को नया नाम मिला है। अब तक हिमाचल की राजनीति पूर्व मुख्यमंत्री यशवंत सिंह परमार, रामलाल ठाकुर, वीरभद्र सिंह, शांता कुमार और प्रेम कुमार धूमल के इर्द-गिर्द घूमती रही है।
हिमाचल में अब नए ठाकुर युग की शुरूआत हुई है। हिमाचल में यशवंत सिंह परमार, रामलाल ठाकुर, शांता कुमार और प्रेम कुमार धूमल दो-दो बार हिमाचल के मुख्यमंत्री रहे।
अकेले वीरभद्र सिंह ऐसे नेता हैं जिन्हें 6 बार हिमाचल का नेतृत्व करने का मौका मिला। यशवंत सिंह परमार पहले मुख्यमंत्री बने। 1952 में उन्होंने सत्ता संभाली।
इसके बाद वर्ष 1963 में फिर हिमाचल की बागडोर उनके हाथ में रही। वर्ष 1977 में रामलाल ठाकुर मुख्यमंत्री बने। वर्ष 1977 में शांता कुमार जबकि 1980 में फिर रामलाल ठाकुर हिमाचल के मुख्यमंत्री बने।