प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वागत के लिए छोटी काशी मंडी सज रही है। ऐतिहासिक पड्डल मैदान में प्रदेश सरकार के चार साल के जश्न और दूसरी ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। चप्पे चप्पे को सुरक्षित किया जा रहा है। 27 दिसंबर को सुबह 10 बजे प्रधानमंत्री पड्डल मैदान में पहुंच जाएंगे। एक घंटे तक वह दूसरी ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी के प्रोजेक्टों की प्रदर्शनियों को देखेंगे। वहां पीएम पांच मुख्य इनवेस्टरों से बातचीत भी करेंगे। उसके बाद वह मंच पर जनता को संबोधित करेंगे।
प्रधानमंत्री को पश्मीना शाल का तोहफा दिया जाएगा। यह खास शाल मंडी में तैयार किए गए हैं। इसकी कीमत बीस हजार के करीब है। ऐसे पांच शाल पीएम को भेंट किए जाएंगे। इसके अलावा सेपू बड़ी और देवी देवताओं से जुड़े स्मृति चिह्न भी प्रधानमंत्री को भेंट किए जाएंगे। सात फीट का त्रिशूल अष्टधातु का बनाया जाना था, लेकिन कारीगर नहीं मिला। अब पीतल का त्रिशूल तैयार किया जा रहा है, लेकिन इसे देने की मंजूरी अभी तक पीएमओ कार्यालय से नहीं मिली है।
पीएम रैली के चलते मंडी शहर के अलावा सुंदरनगर, रिवालसर, नेरचौक और पंडोह से लेकर आईआईटी तक होटलों में सभी कमरे बुक हो चुके हैं। 25 को मेहमान आना शुरू हो जाएंगे। ऐसे में सैलानियों को मंडी और इर्द-गिर्द होटलों में कमरों के लिए दिक्कत हो सकती है। एक अनुमान के मुताबिक आसपास के सभी होटलों, होमस्टे, रिजार्ट और सरकारी गेस्ट हाउस में करीब 500 कमरे तैयार किए गए हैं। यहां निवेशकों को ठहराया जाएगा। इन्वेस्टर्स मीट में आने वाले निवेशकों को कोई दिक्कत न हो, इसके लिए सभी पुख्ता प्रबंध किए गए हैं।
पीएम के स्वागत में पूरा पड्डल पारंपरिक रंग में रंगा होगा। लोग पारंपरिक वेशभूषा में मौजूद रहेंगे। देव ध्वनियों से माहौल सराबोर होगा। बजंतरी विशेष रूप से प्रस्तुतियां देंगे। इसके अलावा पहाड़ी नाटियों खासकर सराज की नाटी भी देखने को मिलेगी। मैदान में एक किनारे इन कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।
रेड कारपेट से सजा होगा पूरा पंडाल
पूरा पंडाल रेड कारपेट से सजा होगा। बारिश के चलते इस दफा दो डोम बनाए गए हैं। एक में प्रदर्शनी होगी तो दूसरे में लोगों बैठने का इंतजाम होगा। पड्डल स्टेडियम की सीढि़यों को भी विशेष रूप से तैयार किया गया है, जहां लोग बैठ सकेंगे।