उन्होंने दावा किया कि आज वही कांग्रेस राम मंदिर जाकर श्रद्धा का प्रदर्शन कर रही है। यह उनकी वास्तविक आस्था नहीं, बल्कि राजनीतिक मजबूरी है। उन्होंने कहा कि राम मंदिर निर्माण और रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के समय कांग्रेस का रवैया बिल्कुल अलग था। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने प्राण प्रतिष्ठा समारोह का बहिष्कार किया था। अब मंत्रिमंडल के साथ राम मंदिर जाकर पूजा-अर्चना करना केवल राजनीतिक संदेश देने का एक प्रयास मात्र है। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि कांग्रेस नेताओं का इतने वर्षों बाद राम मंदिर जाना उनकी धार्मिक आस्था का परिचायक नहीं है। यह बदलते राजनीतिक माहौल का परिणाम है। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रदेश की जनता कांग्रेस के पुराने और वर्तमान रुख के बीच के अंतर को भलीभांति समझती है।
कांग्रेस की राम मंदिर नीति अवसरवादी राजनीति का प्रतीक : बिंदल
शिमला। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष राजीव बिंदल ने कांग्रेस पार्टी की राम मंदिर को लेकर अवसरवादी राजनीति करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पर 100 चूहे खाकर बिल्ली हज को चली कहावत पूरी तरह चरितार्थ होती है। बिंदल ने आरोप लगाया कि जिस कांग्रेस ने दशकों तक तुष्टीकरण की राजनीति की, श्रीराम जन्मभूमि पर मंदिर निर्माण का लगातार विरोध किया, वही आज भगवान श्रीराम के प्रति प्रेम का प्रदर्शन कर रही है। कांग्रेस ने वर्षों तक भगवान श्रीराम के जन्मस्थान पर मंदिर निर्माण का विरोध किया। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस शासन के दौरान भगवान श्रीराम को लंबे समय तक ताले और फिर टेंट तक सीमित रखा गया। आज कांग्रेस नेताओं का राम मंदिर जाना उनकी आस्था नहीं, बल्कि राजनीतिक अवसरवाद का प्रमाण है। केवल वोट बैंक की राजनीति के लिए कांग्रेस अपना रुख बदल रही है, जिसे देश की जनता भली-भांति समझती है।
राम मंदिर 500 वर्षों के संघर्ष का परिणाम, कांग्रेस राजनीति बंद करे : अनुराग
शिमला। पूर्व केंद्रीय मंत्री और सांसद अनुराग ठाकुर ने कहा है कि अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि पर भव्य राम मंदिर का निर्माण 500 वर्षों के संघर्ष का परिणाम है। उन्होंने इसे करोड़ों सनातनियों की आस्था और रामभक्तों के अथक प्रयासों की विजय बताया। ठाकुर ने कहा कि यह सपना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनने के बाद साकार हुआ। सांविधानिक और लोकतांत्रिक प्रक्रिया से रामलला के भव्य मंदिर का निर्माण संभव हुआ। उन्होंने कांग्रेस पर राम मंदिर को लेकर राजनीतिक बयानबाजी करने का आरोप लगाया। ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस के कई नेताओं ने वर्षों तक भगवान श्रीराम के अस्तित्व और राम जन्मभूमि से जुड़े मुद्दों पर सवाल उठाए थे। आज जब मंदिर बनकर तैयार है और करोड़ों श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं, तब कांग्रेस के नेता राजनीति कर रहे हैं। अनुराग ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस को राम मंदिर पर अनावश्यक राजनीति करने के बजाय अपने शासनकाल के दौरान हुए भ्रष्टाचार के मामलों पर जवाब देना चाहिए। उन्होंने कांग्रेस सरकारों के समय हुए कई बड़े घोटालों का जिक्र किया। इनमें नेशनल हेराल्ड मामला, 2जी स्पेक्ट्रम मामला, कॉमनवेल्थ गेम्स मामला और कोयला आवंटन मामला शामिल हैं।