फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Shimla: जगत नेगी बोले- झूठ बोलने के सारे रिकॉर्ड तोड़ रहे जयराम ठाकुर

Sat, 04 May 2024 05:45 PM IST
Krishan Singh अमर उजाला ब्यूरो, शिमला

सार

शनिवार को जारी बयान में नेगी ने कहा कि केंद्र सरकार ने एमआईएस के तहत मात्र एक लाख रुपये का टोकन बजट रखा है और जयराम ठाकुर सेब बागबानों को 50 रुपये न्यूनतम समर्थन मूल्य देने का झूठ बोल रहे हैं।
विज्ञापन
बागवानी मंत्री जगत सिंह नेगी - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

 बागवानी मंत्री जगत सिंह नेगी ने नेता विपक्ष जयराम ठाकुर पर पलटवार करते हुए कहा है कि उन्हें बताना चाहिए कि किस सेब बागवान को भाजपा ने 50 रुपये का समर्थन मूल्य दिया। उन्होंने कहा कि जयराम ठाकुर झूठ बोलने के सारे रिकॉर्ड तोड़ रहे हैं। प्रधानमंत्री मोदी जब भी चुनाव में हिमाचल आते हैं, तो सेब पर आयात शुल्क को दोगुना करने का जुमला बोलकर जाते हैं, लेकिन वास्तव में केंद्र सरकार ने आयात शुल्क को घटाकर 50 प्रतिशत कर दिया गया है। शनिवार को जारी बयान में नेगी ने कहा कि केंद्र सरकार ने एमआईएस के तहत मात्र एक लाख रुपये का टोकन बजट रखा है और जयराम ठाकुर सेब बागबानों को 50 रुपये न्यूनतम समर्थन मूल्य देने का झूठ बोल रहे हैं।

विज्ञापन


बागवानी मंत्री ने कहा कि सेब बागवानों के हितों को देखते हुए प्रदेश सरकार ने अनेकों कदम उठाए हैं। किलो के हिसाब से सेब की बिक्री का काम जो पिछले कई वर्षों से नहीं हो पाया, वह काम मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में वर्तमान सरकार ने किया है। सेब बागवानों की वर्षों पुरानी मांग को पूरा करते हुए राज्य सरकार ने यूनिवर्सल कार्टन लागू कर दिया है। सेब की खाद और कीटनाशकों पर मिलने वाली सब्सिडी को भाजपा सरकार ने बंद कर दिया था, जबकि वर्तमान राज्य सरकार ने फिर से सब्सिडी शुरू कर दी है।

विज्ञापन

भाजपा बताए, सांसद कपूर का क्यों काटा टिकट : धर्माणी
तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी ने भाजपा से पूछा कि वर्तमान सांसद व गद्दी नेता किशन कपूर का टिकट क्यों काटा गया। बीते लोकसभा चुनाव में वह सबसे अधिक मतों से जीते थे। इतना अधिक मतदान उनके पक्ष में होने के बावजूद टिकट काटना कांगड़ा संसदीय क्षेत्र की जनता को अखर रहा है। भाजपा ने कांग्रेस के एक बिकाऊ विधायक को विधानसभा उपचुनाव में टिकट दे दिया, जबकि गद्दी नेता किशन कपूर हाशिये पर धकेल दिए। शनिवार को जारी बयान में धर्माणी ने कहा कि पूर्व केंद्रीय मंत्री आनंद शर्मा कांग्रेस के सशक्त उम्मीदवार हैं। उन्होंने देश-विदेश में हिमाचल प्रदेश का नाम चमकाया है। वह केंद्रीय मंत्री रहते प्रदेश व कांगड़ा जिला को अनेक सौगातें दे चुके हैं।

उन्होंने कांगड़ा जिला के इंदौरा में 150 करोड़ रुपये की सौगात देकर इंडस्ट्रियल पार्क खुलवाया। चाय बागवानों के लिए नेशनल टी बोर्ड का क्षेत्रीय कार्यालय मंजूर करवाया। कांगड़ा जिला के पालमपुर में वह सेरीकल्चर विस्तार केंद्र भी खुलवा चुके हैं। हिमाचल प्रदेश को पासपोर्ट कार्यालय की सौगात भी दी है। उन्होंने पूरे राज्य में सड़क निर्माण, सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट एवं अन्य विकास कार्यों के लिए करोड़ों रुपये की राशि सांसद निधि से प्रदान की है। आईआईटी मंडी का नींव पत्थर उन्होंने रखा है। आनंद शर्मा ने सेंट्रल यूनिवर्सिटी हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिला, मेडिकल कॉलेज नेरचौक व आईआईआईटी ऊना जिला को दिलाने में मदद की। केंद्रीय मंत्री रहते चंबा, नाहन व हमीरपुर मेडिकल कॉलेज दिलाने में भी उनका सहयोग रहा है। हिमाचल के जितने भी मंत्री केंद्र में रहे हैं, उनमें सबसे अधिक व बेहतरीन काम आनंद शर्मा ने किया है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें